डिजिटल डेस्क- आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप के ग्रुप मुकाबले में पाकिस्तान को जिस पारी की जरूरत थी, वह आकर दी दाएं हाथ के बल्लेबाज साहिबजादा फरहान ने। नामीबिया के खिलाफ खेले गए इस अहम मुकाबले में फरहान ने 57 गेंदों में शानदार 100 रन बनाकर न केवल मैच का रुख पलट दिया, बल्कि टूर्नामेंट के इतिहास में अपना नाम भी दर्ज करा लिया। वह टी20 वर्ल्ड कप में शतक लगाने वाले केवल दूसरे पाकिस्तानी बल्लेबाज बने। उनसे पहले यह उपलब्धि अहमद शहज़ाद ने 2014 में हासिल की थी। कोलंबो के सीनहलसे स्पोर्ट्स क्लब ग्राउंड में खेले गए इस मुकाबले में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। भारत से मिली हार के बाद टीम में दो बदलाव किए गए थे शाहीन शाह अफरीदी और अब्रार अहमद को आराम दिया गया, जबकि सलमान मिर्जा और ख्वाजा नफाय को मौका मिला।
शतक की कहानी और अंतिम ओवर का जादू
फरहान ने अपनी पारी में संयम और आक्रामकता का बेहतरीन संतुलन दिखाया। उन्होंने अपना शतक आखिरी ओवर में पूरा किया। नामीबिया के कप्तान गेरहार्ड एरासमस की गेंद पर मिडविकेट की ओर सिंगल लेकर उन्होंने तीन अंकों का आंकड़ा छुआ। उनकी स्ट्राइक रेट 175.43 रहा, जो मुकाबले की महत्ता को देखते हुए और भी प्रभावशाली माना जा रहा है फरहान ने अपनी इस पारी में 11 चौके और 4 छक्के जड़े। शुरुआत में उन्होंने कप्तान सलमान अगा (23 गेंद में 38 रन) के साथ 67 रन की साझेदारी की, जिसने टीम को मजबूत शुरुआत दी। इसके बाद शादाब खान (22 गेंद में नाबाद 36 रन) के साथ 81 रन की तेज साझेदारी ने स्कोर को नई ऊंचाई पर पहुंचा दिया। आखिरी ओवर में शादाब ने दो छक्के जड़कर टीम का स्कोर 199/3 तक पहुंचा दिया।
टीम के लिए था ‘करो या मरो’ मुकाबला
यह मुकाबला पाकिस्तान के लिए बहुत महत्वपूर्ण था। ग्रुप स्टेज में पिछली हार के बाद टीम पर दबाव साफ नजर आ रहा था। ऐसे में फरहान की यह पारी सिर्फ व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि टीम की टूर्नामेंट में वापसी का संकेत भी मानी जा रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि इस जीत से पाकिस्तान की सुपर-8 में पहुंचने की उम्मीदें मजबूत हुई हैं। फरहान ने जिस आत्मविश्वास और परिपक्वता से बल्लेबाजी की, उससे टीम के ड्रेसिंग रूम में भी नई ऊर्जा भर गई है। टी20 जैसे तेज फॉर्मेट में शतक लगाना आसान नहीं होता, खासकर जब टीम पर जीत का भारी दबाव हो। फरहान की यह पारी लंबे समय तक याद रखी जाएगी, क्योंकि इससे पाकिस्तान के अभियान को नई दिशा मिली है।