KNEWS DESK – महाराष्ट्र की राजनीति में मुंबई नगर निगम चुनावों को लेकर हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस संबंध में बड़ा बयान देते हुए साफ कर दिया है कि मुंबई नगर निगम (BMC) के चुनाव गठबंधन के तौर पर लड़े जाएंगे। उन्होंने कहा कि गठबंधन 227 सीटों पर चुनावी मैदान में उतरेगा।
मुख्यमंत्री फडणवीस ने यह बयान मुंबई नगर निगम चुनावों को लेकर हुई एक अहम बैठक के बाद दिया। बताया जा रहा है कि इस बैठक में मुंबई के छह प्रशासनिक विभागों की समीक्षा की जानी है और साथ ही चुनावी रणनीति पर भी मंथन हो रहा है।
बीएमसी की कार्यप्रणाली की होगी पूरी समीक्षा
सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री इस बैठक में मुंबई नगर निगम की समग्र समीक्षा करेंगे। इसके साथ ही भाजपा उम्मीदवारों के नामों को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया भी शुरू हो सकती है। बीते कुछ दिनों से भाजपा और एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के बीच सीट बंटवारे को लेकर लगातार बातचीत चल रही है।
एनसीपी को लेकर फिर उठा सवाल
फडणवीस के बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा तेज हो गई है कि क्या इस गठबंधन में एनसीपी की भी एंट्री होगी। इससे पहले भाजपा ने साफ संकेत दिए थे कि नवाब मलिक के कारण एनसीपी को मुंबई नगर निगम चुनावों में शामिल नहीं किया जाएगा। इसी वजह से माना जा रहा था कि एनसीपी अलग से चुनाव लड़ेगी।
हालांकि, मुख्यमंत्री फडणवीस के “गठबंधन के रूप में चुनाव लड़ने” वाले बयान के बाद अटकलें फिर तेज हो गई हैं। फिलहाल फडणवीस ने स्पष्ट किया है कि शिवसेना उनकी सहयोगी पार्टी है और गठबंधन उसी के साथ बनाया जा रहा है।
सीट बंटवारे को लेकर दिया साफ संदेश
मुख्यमंत्री ने टिकट वितरण को लेकर भी पार्टी कार्यकर्ताओं को स्पष्ट संदेश दिया। उन्होंने कहा कि कुछ सीटों पर शिवसेना उम्मीदवार उतारेगी और कुछ सीटों पर भाजपा। कई कार्यकर्ताओं की उम्मीदें और आकांक्षाएं होंगी, लेकिन अंत में सीमित लोगों को ही टिकट मिल पाएगा।
टिकट मिले या न मिले, मैदान में उतरना होगा
देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि आज सभी कार्यकर्ताओं को यह संकल्प लेना होगा कि चाहे टिकट मिले या न मिले, उन्हें पार्टी और विचारधारा के लिए काम करना है। उन्होंने अटल बिहारी वाजपेयी के सपनों का जिक्र करते हुए कहा कि उन सपनों को साकार करने के लिए सभी को एकजुट होकर मैदान में उतरना होगा।