इंडिगो की नागपुर-कोलकाता फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग, पक्षी से टकराने के कारण बड़ा हादसा टला

KNEWS DESK- नागपुर से कोलकाता जा रही इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट 6E812 की सोमवार को आपातकालीन लैंडिंग कराई गई। विमान हवा में एक पक्षी से टकरा गया, जिसके बाद पायलट ने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए तुरंत नागपुर एयरपोर्ट पर सेफ इमरजेंसी लैंडिंग कराई। इस घटना के समय विमान में 272 यात्री सवार थे, जिन्हें सुरक्षित उतार लिया गया।

जानकारी के अनुसार, उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद विमान का सामने का हिस्सा एक पक्षी से टकरा गया, जिससे विमान थोड़ा असंतुलित हो गया। जैसे ही यह टक्कर हुई, यात्रियों के बीच अफरा-तफरी और दहशत फैल गई। लेकिन पायलट ने तुरंत सूझबूझ से काम लिया और विमान को सुरक्षित तरीके से वापस नागपुर एयरपोर्ट पर उतार दिया।

एयरपोर्ट प्रशासन ने पुष्टि की है कि कोई जानमाल का नुकसान नहीं हुआ है और सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं। पायलट की समय पर की गई कार्रवाई और प्रोफेशनल रेस्पॉन्स के कारण एक बड़ी दुर्घटना टल गई।

नागपुर एयरपोर्ट के सीनियर डायरेक्टर आबिद रूही ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया “इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E812 के पक्षी से टकराने की आशंका है। इस घटना की जांच की जा रही है।” उन्होंने यह भी कहा कि विमान की तकनीकी जांच के बाद ही उसे दोबारा उड़ान की अनुमति दी जाएगी।

एविएशन सेक्टर में बर्ड हिट यानी पक्षियों से टकराव को एक गंभीर सुरक्षा खतरे के रूप में देखा जाता है। खासकर टेक-ऑफ और लैंडिंग के समय यह खतरा और अधिक बढ़ जाता है। पक्षी के इंजन में फंसने या विमान के किसी हिस्से से टकराने से तकनीकी खराबी, फ्लाइट कंट्रोल में गड़बड़ी या यहां तक कि इमरजेंसी लैंडिंग की जरूरत भी पड़ सकती है।

यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले 2 जून 2025 को रांची जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट को भी बर्ड हिट के चलते आपातकालीन रूप से लैंड कराना पड़ा था। रांची एयरपोर्ट के निदेशक आर.आर. मौर्य ने बताया था कि विमान करीब 3,000 से 4,000 फीट की ऊंचाई पर एक पक्षी से टकरा गया था। उस समय भी सभी 175 यात्री सुरक्षित उतारे गए थे।

विशेषज्ञों के मुताबिक, हवाई अड्डों के आसपास कचरा प्रबंधन, खुले खाने के ढेर, और झाड़ियों की अधिकता पक्षियों को आकर्षित करती है, जिससे बर्ड हिट की घटनाएं बढ़ जाती हैं। इसके लिए एयरपोर्ट अथॉरिटीज़ को सख्त प्रोटोकॉल अपनाने की जरूरत है।