शिव शंकर सविता- देशभर में शुक्रवार को ईद-उल-फितर का त्योहार पूरे उत्साह, उमंग और भाईचारे के साथ मनाया जा रहा है। मस्जिदों और ईदगाहों में सुबह से ही नमाज अदा करने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी और खुशियां साझा कीं। इस खास मौके पर देश के शीर्ष नेताओं ने भी देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए एकता, शांति और सौहार्द का संदेश दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर देशवासियों को ईद-उल-फितर की बधाई दी। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि यह पावन त्योहार समाज में भाईचारा, करुणा और इंसानियत को बढ़ावा दे। पीएम मोदी ने कामना की कि यह अवसर सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लेकर आए। उन्होंने “ईद मुबारक” कहते हुए देश की खुशहाली की कामना की।
पीएम मोदी ने पारसी समुदाय के पर्व नवरोज की दी शुभकामनाएं
इसी के साथ प्रधानमंत्री ने पारसी समुदाय के प्रमुख पर्व नवरोज की भी शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि नवरोज, जिसका अर्थ ‘नया दिन’ होता है, एक नई शुरुआत और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक है। पीएम ने ईश्वर से प्रार्थना की कि यह नया साल सभी के जीवन में खुशियां, स्वास्थ्य और सफलता लेकर आए।
नवरोज पारसी समुदाय का प्रमुख त्योहार है, जिसे फारसी नववर्ष के रूप में मनाया जाता है। यह पर्व वसंत ऋतु के आगमन का प्रतीक माना जाता है और आमतौर पर 21 मार्च के आसपास आता है। इस दिन लोग अपने घरों की साफ-सफाई करते हैं, नए कपड़े पहनते हैं और पारंपरिक व्यंजन बनाते हैं। पारसी समुदाय के लोग अग्नि मंदिरों में जाकर प्रार्थना करते हैं और शांति, समृद्धि व खुशहाली की कामना करते हैं। यह त्योहार प्रकृति के नवजीवन और सकारात्मक बदलाव का संदेश देता है।
राष्ट्रपति मुर्मू ने दी ईद की शुभकामनाएं
वहीं, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी ईद-उल-फितर की पूर्व संध्या पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि रमजान के पवित्र महीने के समापन के बाद आने वाला यह त्योहार आत्म-संयम, दान और जरूरतमंदों के प्रति करुणा की भावना को मजबूत करता है। राष्ट्रपति ने लोगों से अपील की कि वे समाज में एकता और सद्भाव को बढ़ावा देने तथा राष्ट्र की प्रगति में योगदान देने का संकल्प लें। राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि ईद का यह पर्व प्रेम, शांति और आपसी भाईचारे का संदेश देता है। उन्होंने विशेष रूप से भारत और विदेशों में रह रहे मुस्लिम समुदाय के लोगों को बधाई देते हुए सभी के सुखद और समृद्ध जीवन की कामना की।