गोरखपुर में संघ शताब्दी वर्ष की गूंज, तीन दिवसीय दौरे पर आएंगे मोहन भागवत

डिजिटल डेस्क- राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत 14 फरवरी से उत्तर प्रदेश के गोरखपुर के तीन दिवसीय प्रवास पर रहेंगे। संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए उनका यह दौरा महत्वपूर्ण माना जा रहा है। प्रवास के दौरान वे सामाजिक समरसता, संगठनात्मक समन्वय और भविष्य की कार्ययोजना जैसे अहम विषयों पर चर्चा करेंगे। भागवत शनिवार शाम गोरखपुर पहुंचेंगे। उनके स्वागत की तैयारियां पहले से ही पूरी कर ली गई हैं। प्रवास के दूसरे दिन यानी 15 फरवरी की सुबह 9 बजे वे सामाजिक सद्भाव बैठक को संबोधित करेंगे। इस बैठक में प्रांत के विभिन्न जाति वर्गों के प्रतिनिधि, सामाजिक समरसता के क्षेत्र में कार्य कर रहे प्रमुख लोग और गणमान्य नागरिक शामिल होंगे।

विभिन्न वर्गों के बीच संवाद को मजबूत करना प्रमुख लक्ष्य

इस बैठक का मुख्य उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों के बीच संवाद को मजबूत करना और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना है। सरसंघचालक इस अवसर पर समाज में समन्वय, आपसी विश्वास और सहयोग की आवश्यकता पर अपने विचार रखेंगे। वे उपस्थित लोगों से संवाद स्थापित कर सामाजिक समरसता के महत्व पर बल देंगे। 15 फरवरी की शाम 3 बजे प्रमुख जन गोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में विभिन्न वर्गों और क्षेत्रों के प्रमुख जन उपस्थित रहेंगे। भागवत यहां समाज के अलग-अलग घटकों के बीच बेहतर तालमेल, पारस्परिक विश्वास और सहयोग को सुदृढ़ करने पर चर्चा करेंगे। यह गोष्ठी संघ के शताब्दी वर्ष के व्यापक सामाजिक संपर्क अभियान का हिस्सा मानी जा रही है।

16 फरवरी को करेंगे संगठन के कार्यकर्ताओं संग बैठक

प्रवास के तीसरे दिन यानी 16 फरवरी की सुबह 9:30 बजे मोहन भागवत संगठन के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे। इस बैठक में विभाग टोली, जिला टोली और प्रांत कार्यकारिणी के पदाधिकारी शामिल होंगे। बैठक के दौरान शताब्दी वर्ष के अंतर्गत अब तक आयोजित कार्यक्रमों की समीक्षा की जाएगी और आगामी योजनाओं की रूपरेखा तय की जाएगी। संघ सूत्रों के अनुसार, यह बैठक संगठन की आगामी रणनीति और कार्य विस्तार को लेकर महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इसमें कार्यकर्ताओं से सुझाव भी लिए जाएंगे और जमीनी स्तर पर संगठन को और अधिक सशक्त बनाने पर विचार-विमर्श होगा।

कुटुंब स्नेह मिलन कार्यक्रम रहेगा प्रमुख केंद्र

प्रवास के अंतिम दिन शाम 5 बजे भागवत राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ गोरखपुर विभाग द्वारा आयोजित ‘कुटुंब स्नेह मिलन’ कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में वे उपस्थित स्वयंसेवकों और उनके परिवारों को संबोधित करेंगे। सभी कार्यक्रम गोरखपुर के नौका विहार स्थित योगीराज बाबा गंभीर नाथ प्रयोगशाला परिसर में आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रमों में केवल आमंत्रित लोगों को ही प्रवेश दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *