पहले सीएम नोएडा आने से डरते और और मुझे भी आने से डराया गया था… जेवर एयरपोर्ट के उद्घाटन समारोह में पीएम मोदी कही बड़ी बात

डिजिटल डेस्क- उत्तर प्रदेश के जेवर में आज देश के सबसे महत्वाकांक्षी इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स में से एक नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का भव्य उद्घाटन किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एयरपोर्ट के फेज-1 का लोकार्पण करते हुए इसे “जनता की अमानत” बताया और एक अनोखे अंदाज में उद्घाटन की जिम्मेदारी वहां मौजूद लोगों को सौंप दी। करीब 11,200 करोड़ रुपये की लागत से बने इस एयरपोर्ट को उत्तर भारत के सबसे बड़े एविएशन हब के रूप में विकसित किया जा रहा है। उद्घाटन समारोह में पीएम मोदी ने कहा कि यह सिर्फ एक एयरपोर्ट नहीं, बल्कि विकसित उत्तर प्रदेश और विकसित भारत की दिशा में एक बड़ा कदम है।

जनता के हाथों हुआ उद्घाटन

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने एक अलग ही मिसाल पेश की। उन्होंने वहां मौजूद लोगों से मोबाइल फोन निकालकर फ्लैश लाइट ऑन करने की अपील की। जब हजारों लोगों ने एक साथ रोशनी जलाई, तो पीएम मोदी ने कहा—“अब इस एयरपोर्ट का उद्घाटन आप सब कर रहे हैं। यह आपकी मेहनत और आपका अधिकार है।” उन्होंने जोर देते हुए कहा कि यह एयरपोर्ट सरकार का नहीं, बल्कि देश की जनता की संपत्ति है।

यूपी बना इंटरनेशनल एयरपोर्ट्स का हब

प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में कहा कि उत्तर प्रदेश अब देश के उन राज्यों में शामिल हो गया है, जहां सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट हैं। उन्होंने इसे युवाओं के लिए नए अवसरों का द्वार बताते हुए कहा कि यह प्रोजेक्ट रोजगार, व्यापार और निवेश के नए रास्ते खोलेगा। उन्होंने कहा, “यह एयरपोर्ट आगरा, मथुरा, अलीगढ़, गाजियाबाद, मेरठ, इटावा, बुलंदशहर और फरीदाबाद जैसे बड़े क्षेत्रों को सीधा लाभ पहुंचाएगा।” पीएम के मुताबिक, यह परियोजना पश्चिमी उत्तर प्रदेश के किसानों, छोटे उद्योगों और युवाओं के लिए आर्थिक तरक्की का मजबूत आधार बनेगी।

हर दो मिनट में उड़ान, विश्वस्तरीय सुविधा

पीएम मोदी ने बताया कि यह एयरपोर्ट आधुनिक तकनीकों से लैस है और यहां से हर दो मिनट में एक विमान उड़ान भरने की क्षमता विकसित की जा रही है। यह न केवल भारत को वैश्विक स्तर पर बेहतर कनेक्टिविटी देगा, बल्कि लॉजिस्टिक्स और ट्रांसपोर्ट सेक्टर में भी क्रांति लाएगा। अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने वैश्विक हालात का जिक्र करते हुए कहा कि पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध के कारण कई देशों में पेट्रोल, डीजल और खाद्य वस्तुओं की कमी देखने को मिल रही है। इसके बावजूद भारत मजबूती से इस चुनौती का सामना कर रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार ऐसे कदम उठा रही है जिससे आम लोगों और किसानों पर किसी तरह का अतिरिक्त बोझ न पड़े।

‘डबल इंजन सरकार’ का उदाहरण

पीएम मोदी ने इस एयरपोर्ट को “डबल इंजन सरकार” की कार्यशैली का शानदार उदाहरण बताया। उन्होंने हाल के दिनों में उत्तर प्रदेश में शुरू हुए अन्य बड़े प्रोजेक्ट्स का भी जिक्र किया, जिनमें नोएडा में सेमीकंडक्टर फैक्ट्री, नमो भारत ट्रेन और मेरठ मेट्रो का विस्तार शामिल है। उन्होंने कहा कि ये सभी प्रोजेक्ट मिलकर राज्य को नई ऊंचाइयों पर ले जा रहे हैं। प्रधानमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि पहले के समय में मुख्यमंत्री नोएडा आने से डरते थे और इस क्षेत्र को विकास से दूर रखा गया। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले नोएडा को “लूट का एटीएम” बना दिया गया था, लेकिन अब वही नोएडा विकास का इंजन बन गया है।

आम लोगों के लिए आसान हुई हवाई यात्रा

पीएम मोदी ने कहा कि 2014 से पहले देश में केवल 74 एयरपोर्ट थे, जबकि आज इनकी संख्या बढ़कर 160 से ज्यादा हो गई है। उन्होंने कहा कि पहले हवाई यात्रा को सिर्फ अमीरों तक सीमित माना जाता था, लेकिन अब सरकार ने इसे आम लोगों के लिए भी सुलभ बना दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *