KNEWS DESK- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इन दिनों गुजरात दौरे पर हैं। इसी बीच सोमवार सुबह जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज भी भारत पहुंचे। भारत पहुंचते ही उन्होंने अहमदाबाद में पीएम मोदी से मुलाकात की। इसके बाद दोनों नेताओं ने साबरमती रिवरफ्रंट पर अंतरराष्ट्रीय पतंग महोत्सव 2026 का संयुक्त रूप से उद्घाटन किया और एक साथ पतंग उड़ाकर भारत-जर्मनी की दोस्ती का संदेश दिया।
अहमदाबाद में आयोजित इस भव्य पतंग महोत्सव में दुनिया भर से आए पतंगबाजों ने हिस्सा लिया। करीब 50 देशों के 135 अंतरराष्ट्रीय पतंगबाज इस आयोजन में शामिल हुए हैं, जिनमें चिली, कोलंबिया और दक्षिण कोरिया जैसे देशों के प्रतिभागी भी मौजूद हैं।
महोत्सव की खास बात यह रही कि रात के समय भी पतंग उड़ाई गई। एलईडी लाइट्स से सजी रंग-बिरंगी पतंगें आसमान में अद्भुत नजारा पेश करती नजर आईं। यह अंतरराष्ट्रीय पतंग महोत्सव पूरे सात दिनों तक चलेगा और गुजरात की सांस्कृतिक पहचान को दुनिया के सामने प्रदर्शित करेगा।
पतंग महोत्सव से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज ने साबरमती आश्रम का दौरा किया। दोनों नेताओं ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। आश्रम भ्रमण के बाद फ्रेडरिक मर्ज ने गेस्ट बुक में अपने विचार भी दर्ज किए।
उन्होंने लिखा कि महात्मा गांधी की अहिंसा की अवधारणा, स्वतंत्रता की शक्ति में उनका अटूट विश्वास और हर व्यक्ति की गरिमा में आस्था आज भी पूरी दुनिया को प्रेरणा देती है। मर्ज ने यह भी कहा कि गांधी की सोच न्याय और संवाद को बढ़ावा देती है और वैश्विक स्तर पर आशा जगाती है। आज के समय में गांधी के आदर्श पहले से कहीं अधिक प्रासंगिक हैं।
वैश्विक तनाव के बीच जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज का यह भारत दौरा काफी अहम माना जा रहा है। वे दो दिन के दौरे पर भारत आए हैं। अहमदाबाद के बाद वे गांधीनगर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे।
इस बैठक में भारत और जर्मनी के बीच व्यापार, तकनीक और ऊर्जा सहयोग को मजबूत करने पर चर्चा होगी। इसके अलावा रक्षा सहयोग और ग्रीन हाइड्रोजन से जुड़ी संभावित डील पर भी मंथन किया जाएगा। माना जा रहा है कि यह दौरा भारत-जर्मनी रणनीतिक साझेदारी को नई दिशा देगा।