बारामती विमान हादसे की जांच करेगी सीआईडी, ब्लैक बॉक्स बरामद

डिजिटल डेस्क- महाराष्ट्र की राजनीति को झकझोर देने वाले बारामती विमान हादसे की जांच अब राज्य अपराध अन्वेषण विभाग (CID) को सौंप दी गई है। उपमुख्यमंत्री अजित पवार की बुधवार 28 जनवरी को इस हादसे में मौत हो गई थी। घटना के बाद बारामती पुलिस थाने में आकस्मिक मृत्यु और विमान दुर्घटना का मामला दर्ज किया गया था, जिसे अब सीआईडी अपने हाथ में ले चुकी है। इसकी पुष्टि सीआईडी के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक सुनील रामानंद ने की है। बताया जा रहा है कि उपमुख्यमंत्री अजित पवार बुधवार सुबह मुंबई से बारामती के लिए रवाना हुए थे। वे जिला परिषद चुनाव प्रचार के सिलसिले में बारामती पहुंचे थे, जहां एक ही दिन में उनकी चार चुनावी सभाएं प्रस्तावित थीं। सुबह करीब आठ बजे विमान ने मुंबई से उड़ान भरी थी। लेकिन बारामती हवाई अड्डे पर लैंडिंग की तैयारी के दौरान विमान अचानक दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

घटनास्थल पर पहुंचकर AAIB ने जुटाए थे हादसे के सबूत

इस दर्दनाक हादसे में अजित पवार के अलावा पायलट सुमित कपूर, सह-पायलट शांभवी पाठक, एयर होस्टेस पिंकी माली और उपमुख्यमंत्री के अंगरक्षक विदीप जाधव की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय प्रशासन तुरंत मौके पर पहुंचा। वहीं, विमान दुर्घटना की समानांतर जांच केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय के निर्देश पर भी शुरू कर दी गई है। मंत्रालय के अधीन काम करने वाले विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) की टीम ने मौके से अहम सबूत जुटाए हैं।

ब्लैक बॉक्स बरामद, जल्द होगी हादसे की वजह सामने

दिल्ली से तीन अधिकारियों की विशेष टीम और डीजीसीए के मुंबई क्षेत्रीय कार्यालय से तीन अधिकारियों की एक अन्य टीम 28 जनवरी को ही घटनास्थल पर पहुंच गई थी। जांच एजेंसियों के लिए राहत की बात यह है कि दुर्घटनाग्रस्त विमान का ब्लैक बॉक्स बरामद कर लिया गया है। ब्लैक बॉक्स से हादसे के अंतिम पलों की तकनीकी जानकारी मिलने की उम्मीद है, जिससे यह स्पष्ट हो सकेगा कि दुर्घटना तकनीकी कारणों से हुई या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *