KNEWS DESK – दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित आतंकी संगठन Lashkar-e-Taiba से जुड़े आतंकी शब्बीर अहमद लोन को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि आरोपी भारत में सक्रिय एक बड़े आतंकी मॉड्यूल का हैंडलर था और विदेश से बैठकर नेटवर्क को संचालित कर रहा था।
बांग्लादेश से चला रहा था नेटवर्क
जांच एजेंसियों के अनुसार, शब्बीर अहमद लोन बांग्लादेश में बैठकर भारत विरोधी गतिविधियों को अंजाम दे रहा था। यह पूरा नेटवर्क Inter-Services Intelligence के इशारों पर काम कर रहा था।
बताया जा रहा है कि वह आतंकी संगठन के शीर्ष नेताओं Hafiz Saeed और Zaki-ur-Rehman Lakhvi के संपर्क में रहा है।
भर्ती और ब्रेनवॉश का खेल
जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि आरोपी अवैध बांग्लादेशी नागरिकों को निशाना बनाकर उन्हें कट्टरपंथ की ओर धकेलता था।
- फर्जी दस्तावेज तैयार कराए जाते थे
- एन्क्रिप्टेड ऐप्स के जरिए संपर्क रखा जाता था
- दिल्ली समेत कई शहरों में रेकी की गई थी
पहले भी हो चुका है गिरफ्तार
शब्बीर अहमद लोन कोई नया नाम नहीं है। उसे साल 2007 में भी दिल्ली पुलिस ने हथियारों और गोला-बारूद के साथ गिरफ्तार किया था। बाद में जमानत पर रिहा होने के बाद वह देश छोड़कर बांग्लादेश चला गया और वहां से फिर से आतंकी गतिविधियों में सक्रिय हो गया।
बड़े हमले की थी साजिश
जांच एजेंसियों का मानना है कि यह मॉड्यूल भारत में बड़े आतंकी हमलों की तैयारी कर रहा था। राजधानी के संवेदनशील इलाकों को निशाना बनाने की योजना थी। समय रहते कार्रवाई कर पुलिस ने एक बड़े हमले को टाल दिया।
फरवरी 2026 में दिल्ली पुलिस ने एक बड़े आतंकी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया था, जिसमें 8 लोगों को गिरफ्तार किया गया था। इनमें से ज्यादातर अवैध रूप से भारत में रह रहे थे और फर्जी पहचान के जरिए अपनी गतिविधियां चला रहे थे। उसी जांच के दौरान शब्बीर अहमद लोन का नाम सामने आया था, जिसे इस पूरे नेटवर्क का मास्टरमाइंड माना जा रहा है।