दिल्ली: मैनेजमेंट कॉलेज के डायरेक्टर स्वामी चैतन्यानंद सरस्वती पर यौन शोषण का आरोप, 17 छात्राओं की शिकायत पर दर्ज हुई FIR

डिजिटल डेस्क- राजधानी दिल्ली के वसंत कुंज स्थित शारदा भारतीय प्रबंधन संस्थान के डायरेक्टर स्वामी चैतन्यानंद सरस्वती उर्फ पार्थ सारथी पर गंभीर आरोप लगे हैं। 17 छात्राओं ने उनके खिलाफ छेड़छाड़ और यौन उत्पीड़न की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, जबकि आरोपी घटना के बाद से फरार बताया जा रहा है।

छात्राओं ने लगाए अश्लीलता करने का आरोप

पीड़ित छात्राओं ने बताया कि डायरेक्टर अश्लील भाषा का इस्तेमाल करता था और उन्हें गंदी गालियां देता था। छात्राओं को व्हाट्सएप और एसएमएस पर अश्लील संदेश भेजे जाते थे। आरोपी जबरन शारीरिक छेड़छाड़ करता था। संस्थान की कुछ महिला कर्मचारियों पर भी छात्राओं ने आरोप लगाया कि वे आरोपी का साथ देती थीं और लड़कियों पर उसकी मांगें मानने का दबाव बनाती थीं।

आरोपी फरार, जांच में जुटी पुलिस

पुलिस की जांच में अब तक 32 छात्राओं के बयान दर्ज किए गए हैं। इनमें से 17 छात्राओं ने आरोपी पर गाली-गलौज, अश्लील मैसेज भेजने और जबरन छूने जैसे आरोप लगाए हैं। दिल्ली पुलिस का कहना है कि केस दर्ज होने के बाद से आरोपी फरार है। उसकी लोकेशन का पता लगाने के लिए CCTV फुटेज और तकनीकी सर्विलांस का सहारा लिया जा रहा है

फर्जी नंबर प्लेट वाली कार बरामद

जांच के दौरान पुलिस ने कॉलेज परिसर के बेसमेंट से एक वोल्वो कार बरामद की। इस कार पर फर्जी राजनयिक नंबर प्लेट (39 UN 1) लगी हुई थी। पुलिस का कहना है कि यह कार आरोपी स्वामी चैतन्यानंद सरस्वती ही इस्तेमाल करता था। कार को जब्त कर लिया गया है और इस संबंध में अलग मामला दर्ज किया गया है।