KNEWS DESK- अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS), दिल्ली में आयोजित ओनम पोनोनम 2025 के भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल होकर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राजधानी की सांस्कृतिक विविधता और सौहार्द को “मिनी भारत” की संज्ञा दी।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 14 सितंबर को आयोजित इस कार्यक्रम में कहा, “दिल्ली सच में एक मिनी भारत है। यहां जम्मू-कश्मीर से कन्याकुमारी तक और गुजरात से लेकर पूर्वोत्तर राज्यों तक के लोग रहते हैं। हर राज्य, हर भाषा, हर संस्कृति दिल्ली की आत्मा में रची-बसी है।” सीएम ने कहा कि उन्होंने दिल्ली को “एक्सटेंडेड फैमिली” की तरह माना है, और यह शहर हर नागरिक का है, चाहे वह किसी भी कोने से आया हो।
रेखा गुप्ता ने अपने संबोधन में दिल्ली की जीवंतता की सराहना करते हुए कहा, “दिल्ली की पहचान उसके बहुरंगी त्योहारों और सांस्कृतिक आयोजनों से है। ओणम, गणपति, नवरात्रि, लोहड़ी, बिहू, पोहेला बोइशाख… हर त्योहार यहां मनाया जाता है और पूरे भारत की झलक एक ही शहर में मिलती है।” मुख्यमंत्री ने हाल ही में ओडिशा की जगन्नाथ यात्रा में भाग लेने का अनुभव साझा किया और बताया कि कैसे ऐसे आयोजन दिल्ली को एक सांस्कृतिक संगम में बदल देते हैं।
कार्यक्रम में ओणम पर्व की बधाई देते हुए, सीएम गुप्ता ने कहा, “ओणम सिर्फ एक त्योहार नहीं, एकता, समरसता और खुशियों का प्रतीक है। दिल्ली में आज दो महोत्सवों का माहौल है – ओणम का उल्लास और देश की सांस्कृतिक विविधता का उत्सव। यह हम सबके लिए गर्व और खुशी का अवसर है।”
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि दिल्ली की सबसे बड़ी खूबी यह है कि “यहां हर धर्म, हर संस्कृति और हर त्योहार को समान सम्मान और उत्साह से मनाया जाता है। यही हमारी सबसे बड़ी ताकत है, जो दिल्ली को सच्चे मायनों में मिनी भारत बनाती है।”
AIIMS में आयोजित ओनम पोनोनम कार्यक्रम में पारंपरिक केरल संगीत, नृत्य, फूलों की पुक्कलम सजावट, और ओणम सद्या (पारंपरिक भोजन) ने सभी अतिथियों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में एम्स के वरिष्ठ डॉक्टरों, नर्सों, छात्रों और केरल समाज से जुड़े सैकड़ों लोगों ने भाग लिया।