दिल्ली सरकार का बड़ा फैसला, 5 किलो LPG सिलिंडर मिलेगा अब बिना एड्रेस वेरिफिकेशन, प्रवासी और किरायेदारों को मिली बड़ी राहत

डिजिटल डेस्क- राजधानी दिल्ली में आम लोगों, खासकर प्रवासी मजदूरों और किरायेदारों के लिए बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। दिल्ली सरकार ने 5 किलो के छोटे LPG सिलिंडरों की उपलब्धता बढ़ाने के साथ-साथ नियमों में भी अहम ढील दी है। अब ये सिलिंडर केवल पहचान पत्र दिखाकर आसानी से खरीदे जा सकेंगे, इसके लिए पते के सत्यापन की जरूरत नहीं होगी। इस फैसले से उन लाखों लोगों को फायदा मिलेगा, जो अब तक गैस कनेक्शन की जटिल प्रक्रिया के कारण इससे वंचित थे। सरकार के इस कदम का सबसे बड़ा असर प्रवासी श्रमिकों, अस्थायी रूप से रहने वाले लोगों और छोटे परिवारों पर पड़ेगा। पहले गैस कनेक्शन लेने के लिए एड्रेस प्रूफ और अन्य दस्तावेजों की अनिवार्यता के चलते किरायेदारों और मजदूरों को काफी परेशानी उठानी पड़ती थी। लेकिन अब सिर्फ एक वैध पहचान पत्र के जरिए 5 किलो का सिलिंडर आसानी से लिया जा सकेगा।

स्थापित किए गए 11 हेल्प डेस्क

इस योजना को प्रभावी बनाने के लिए हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) ने भी अहम कदम उठाए हैं। कंपनी ने अपने चुनिंदा आउटलेट्स पर 11 हेल्प डेस्क स्थापित किए हैं, जहां लोगों को नजदीकी गैस एजेंसी, सिलिंडर की उपलब्धता और खरीद प्रक्रिया से जुड़ी पूरी जानकारी दी जा रही है। ये हेल्प डेस्क खासतौर पर प्रवासी मजदूरों की मदद के लिए बनाए गए हैं, ताकि उन्हें किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। वहीं, सरकार ने नियमों को सख्त करते हुए यह भी साफ कर दिया है कि गोदाम से सीधे सिलिंडर बेचना पूरी तरह अवैध होगा। ऑयल मार्केटिंग कंपनियां (OMCs) ने सभी वितरकों को इस संबंध में स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं। अगर कोई वितरक इस नियम का उल्लंघन करता पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस कदम का मकसद कालाबाजारी और अनियमितताओं पर रोक लगाना है।

दिल्ली में सप्लाई सामान्य होने का दावा

सरकार के अनुसार, दिल्ली में LPG की सप्लाई पूरी तरह सामान्य है और वितरण व्यवस्था भी सुचारू रूप से चल रही है। 4 अप्रैल के आंकड़ों के मुताबिक, उस दिन 1,14,679 सिलिंडरों की बुकिंग हुई, जबकि 1,31,335 सिलिंडरों की डिलीवरी की गई। यानी डिलीवरी की संख्या बुकिंग से ज्यादा रही, जिससे यह संकेत मिलता है कि पहले से लंबित मांग को भी तेजी से पूरा किया जा रहा है। फिलहाल औसतन 4.24 दिनों में सिलिंडर उपभोक्ताओं के घर तक पहुंचाया जा रहा है। इसके अलावा, किसी भी तरह की समस्या या शिकायत के लिए कंट्रोल रूम भी सक्रिय कर दिया गया है, जहां उपभोक्ता सीधे संपर्क कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *