KNEWS DESK- दिल्ली में बीजेपी सरकार के एक साल पूरे होने पर आज से जश्न और उपलब्धियों का दौर शुरू हो रहा है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में सरकार ने इस मौके को खास बनाने के लिए 12 दिनों का मेगा प्लान तैयार किया है। इसके तहत 8 फरवरी से 20 फरवरी तक हर दिन अलग-अलग विभागों के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें सरकार जनता को बताएगी कि बीते एक साल में क्या-क्या काम किए गए हैं।
इस जश्न की शुरुआत रविवार को रामलीला मैदान में होने वाले बड़े कार्यक्रम से होगी। इस मौके पर बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन मौजूद रहेंगे और दिल्ली को 500 इलेक्ट्रिक बसों की सौगात देंगे। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता 500 ई-बसों को हरी झंडी दिखाकर दिल्लीवासियों को समर्पित करेंगी। सरकार का कहना है कि इन बसों से न केवल सार्वजनिक परिवहन को मजबूती मिलेगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी बड़ा कदम साबित होगा।
12 दिनों के इस मेगा प्लान को लेकर शनिवार को बीजेपी विधायक दल की अहम बैठक हुई, जिसमें कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई। योजना के तहत स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क निर्माण, परिवहन और यमुना सफाई जैसे अहम क्षेत्रों से जुड़े नए प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन और शिलान्यास किया जाएगा। सरकार का मकसद है कि विकास कार्यों की जानकारी समाज के हर वर्ग तक पहुंचे।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली की जनता के वोट और समर्थन से ही विकास की रफ्तार तेज हुई है। सरकार बीते एक साल में किए गए कामों को पारदर्शिता के साथ जनता के सामने रखना चाहती है, ताकि लोग योजनाओं से सीधे जुड़ सकें और उनका लाभ उठा सकें।
मेगा प्लान के समापन के बाद 21 फरवरी को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता दिल्ली की जनता के सामने सरकार का रिपोर्ट कार्ड पेश करेंगी। इसके साथ ही विधायकों को भी विशेष जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। उन्हें अपने-अपने क्षेत्रों में घर-घर जाकर सरकार की उपलब्धियों की जानकारी देने और हर विधानसभा में कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने मटियाला विधानसभा में 400 करोड़ रुपये के विकास कार्य शुरू होने का जिक्र करते हुए कहा कि यह सब जनता के आशीर्वाद से संभव हो पाया है। पार्टी का मानना है कि सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं की सही जानकारी लोगों तक पहुंचे, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इनका लाभ उठा सकें। बैठक में यह भी तय किया गया कि 22 फरवरी के बाद विधायक सीधे जनता के बीच जाकर विकास कार्यों का फीडबैक लेंगे और आगे की रणनीति तय करेंगे।