KNEWS DESK- दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता इन दिनों एक्शन मोड में नजर आ रही हैं। लापरवाही और कार्य में ढिलाई बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ लगातार ताबड़तोड़ कार्रवाई की जा रही है। इस कड़ी में बुधवार को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने एक बड़ा कदम उठाया।
सीएम ने पीतमपुरा के वार्ड-57, केशव पुरम जोन के सैनिटेशन इंस्पेक्टर को सफाई में लापरवाही बरतने के कारण सस्पेंड कर दिया है। साथ ही, वार्ड-55 के केशव पुरम के एडिशनल सैनिटरी इंस्पेक्टर का ट्रांसफर भी कर दिया गया। यह एक्शन सीएम द्वारा सफाई और नालों की डी-सील्टिंग के कामों के निरीक्षण के दौरान पाए गए खामियों के चलते लिया गया।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पीतमपुरा का निरीक्षण किया और वहां के विकास कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में सार्वजनिक संपत्ति, खासकर दिल्ली मेट्रो के खंभों पर लगे अवैध पोस्टरों और बैनरों को हटाने के आदेश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छ और सुंदर दिल्ली के लिए सभी का सहयोग आवश्यक है, और पब्लिक प्रॉपर्टी की सुरक्षा हर नागरिक की जिम्मेदारी है।
सीएम रेखा गुप्ता ने बताया कि पीतमपुरा के वार्ड-57 में निरीक्षण के दौरान 4 फीट चौड़े नाले की सफाई नहीं किए जाने पर उन्होंने तत्काल सैनिटेशन इंस्पेक्टर को सस्पेंड करने का निर्णय लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्षेत्र की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए और लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाए।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पीतमपुरा के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा किया और स्थानीय निवासियों से सीधे संवाद किया। इसके बाद उन्होंने अधिकारियों को इन समस्याओं के निराकरण के लिए जरूरी कदम उठाने का निर्देश दिया।
यह कदम दिल्ली सरकार की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और जिम्मेदारी को बढ़ावा देने के लिए उठाया गया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया है कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या गैरजिम्मेदारी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और उन्हें कार्यों में सुधार लाना होगा।
दिल्ली सरकार का यह कदम यह दर्शाता है कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और उनकी टीम स्वच्छता और नागरिकों की भलाई को प्राथमिकता दे रही है और प्रशासनिक स्तर पर किसी भी तरह की कमी को सुधारने के लिए लगातार प्रयासरत है।
ये भी पढ़ें- IPL2025: राजस्थान रॉयल्स को लगा पहला झटका, संजू सैमसन हुए क्लीन बोल्ड