दिल्ली विधानसभा चुनाव का प्रचार जोरों पर, राहुल गांधी आज पटपड़गंज और ओखला में करेंगे रैली

KNEWS DESK – कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी मंगलवार को पटपड़गंज और ओखला में जनसभा को संबोधित करेंगे। पार्टी के अनुसार, राहुल गांधी पटपड़गंज में शाम चार बजे और ओखला में शाम छह बजे अपनी सभाओं में जनता से रूबरू होंगे।

इसकी जानकारी सोमवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में मध्य प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रदीप जैन आदित्य ने दी। उन्होंने बताया कि कांग्रेस के सत्ता में आने पर दिल्ली में बंद पड़े अल्पसंख्यक आयोग को फिर से शुरू किया जाएगा। इसके साथ ही, अल्पसंख्यकों के अधिकारों की रक्षा के लिए विशेष कदम उठाए जाएंगे और जैन कल्याण बोर्ड का गठन किया जाएगा।

जैन समाज के लिए विशेष योजनाएं

प्रदीप जैन ने बताया कि 2014 में राहुल गांधी के प्रयासों से तत्कालीन प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह की सरकार ने जैन समुदाय को राष्ट्रीय अल्पसंख्यक का दर्जा दिया था। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और आम आदमी पार्टी की सरकारें जैन समाज और अन्य अल्पसंख्यकों के प्रति असंवेदनशील रही हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि 2006 में गुजरात के तत्कालीन मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने जैन और बौद्ध धर्मों को हिंदू धर्म के अंतर्गत लाने का प्रयास किया था, जो अल्पसंख्यक समुदाय की भावना के खिलाफ था।

दिल्ली विधानसभा चुनाव का प्रचार जोरों पर

दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों पर त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिलेगा। आम आदमी पार्टी, भारतीय जनता पार्टी, और कांग्रेस के उम्मीदवारों के बीच जोरदार टक्कर है। दिल्ली में विधानसभा चुनाव की तैयारियां अब अंतिम चरण में हैं। राहुल गांधी की जनसभाएं कांग्रेस के लिए महत्वपूर्ण हैं, क्योंकि हाल के दिनों में उनकी कुछ रैलियां स्वास्थ्य संबंधी कारणों से रद्द हो गई थीं। दिल्ली में विधानसभा चुनाव 5 फरवरी को होंगे और परिणाम 8 फरवरी को घोषित किए जाएंगे।

About Post Author