डिजिटल डेस्क- दिल्ली के सिरसपुर इलाके में हुए दिल दहला देने वाले चौगुने हत्याकांड ने राजधानी के साथ-साथ पटना को भी झकझोर दिया है। चंदन पार्क, सिरसपुर स्थित एक किराए के मकान में बुधवार सुबह एक महिला और उसकी तीन मासूम बेटियों के शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस के मुताबिक, मृतका की पहचान अनीता के रूप में हुई है, जबकि बच्चियों की उम्र क्रमशः 7, 5 और 3 वर्ष थी। घटना के बाद से महिला का पति मुनचुन केवट फरार है और वही इस मामले का मुख्य संदिग्ध माना जा रहा है। यह सनसनीखेज वारदात दिल्ली के सिरसपुर क्षेत्र में सामने आई, जहां स्थानीय लोगों ने कमरे से संदिग्ध हालात देख पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। कमरे के भीतर चारों के शव खून से लथपथ हालत में पड़े थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सभी के गले धारदार हथियार से रेते गए थे। मौके पर फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए और पूरे घर को सील कर दिया गया।
बिहार के पटना जिले का रहने वाला था आरोपी
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मुनचुन केवट मूल रूप से पटना जिले का रहने वाला है। वह कुछ वर्ष पहले रोजी-रोटी की तलाश में दिल्ली आया था और आजादपुर मंडी में सब्जी का काम करता था। आर्थिक स्थिति सुधारने के उद्देश्य से वह पत्नी और बच्चों को भी अपने साथ दिल्ली ले आया था। परिवार सिरसपुर के चंदन पार्क इलाके में किराए के मकान में रह रहा था। घटना के बाद से मुनचुन केवट लापता है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी की तलाश में कई टीमें गठित की गई हैं। बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों और संभावित ठिकानों पर निगरानी बढ़ा दी गई है। पुलिस का कहना है कि तकनीकी सर्विलांस और स्थानीय इनपुट के आधार पर जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
दंपति के बीच अक्सर होता था विवाद
प्राथमिक जांच में घरेलू कलह की आशंका जताई जा रही है। पड़ोसियों के मुताबिक, दंपति के बीच अक्सर विवाद की आवाजें सुनाई देती थीं, हालांकि किसी ने ऐसी भयावह घटना की कल्पना भी नहीं की थी। पुलिस सभी पहलुओं आर्थिक तंगी, पारिवारिक विवाद और अन्य संभावित कारणों की गहराई से जांच कर रही है। उधर, जैसे ही घटना की खबर पटना स्थित परिजनों को मिली, वहां मातम छा गया। रिश्तेदारों ने गहरा दुख और अविश्वास जताते हुए कहा कि मुनचुन कुछ साल पहले ही दिल्ली गया था और मेहनत-मजदूरी कर परिवार चला रहा था।