INS विक्रांत पर सवार दिखे रक्षा मंत्री, भारतीय नौसेना के जवानों के साथ खिंचवाई फोटो

KNEWS DESK-  हाल ही में भारत और पाकिस्तान के बीच हुए सैन्य टकराव के दौरान भारतीय सेनाओं ने अपने अदम्य साहस और रणनीतिक कुशलता का परिचय दिया। इस सैन्य अभियान में वायु, जल और थल – तीनों मोर्चों पर भारत ने पाकिस्तान को पूरी तरह से घेर लिया। भारतीय वायुसेना ने आसमान से हमला बोलते हुए पाकिस्तानी ठिकानों को निशाना बनाया, तो वहीं भारतीय नौसेना ने समुद्री सीमाओं पर अपनी उपस्थिति से पाकिस्तान की रणनीतिक नाकेबंदी कर दी।

हालांकि 10 मई को दोनों देशों के बीच सीज़फायर का ऐलान हो गया, लेकिन भारत की ओर से स्पष्ट संदेश जारी किया गया है कि मिशन अभी पूरा नहीं हुआ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने साफ कहा है कि “ऑपरेशन सिंदूर अभी खत्म नहीं हुआ है।”

इस बीच रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की एक अहम तस्वीर सामने आई है, जिसमें वे भारतीय नौसेना के स्वदेशी विमानवाहक पोत INS विक्रांत पर सवार नजर आ रहे हैं। इस तस्वीर में नौसेना के वरिष्ठ अधिकारी और जवान भी उनके साथ दिखाई दे रहे हैं। यह दृश्य न केवल राष्ट्र को गर्व का अनुभव कराता है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि भारत अब हर मोर्चे पर आत्मनिर्भर और तैयार है।

राजनाथ सिंह ने INS विक्रांत पर जवानों को संबोधित करते हुए कहा “ये युद्धविराम अस्थायी है, भारत की सुरक्षा और सम्मान के खिलाफ उठने वाला हर हाथ हमेशा कुचला जाएगा। ऑपरेशन सिंदूर अभी जारी है, और इसका उद्देश्य केवल सीमाओं की रक्षा नहीं, बल्कि दुश्मनों के मंसूबों को जड़ से खत्म करना है।”

तीनों सेनाओं का समन्वय बना भारत की ताकत-

  • भारतीय वायुसेना ने उच्च तकनीक वाले लड़ाकू विमानों के साथ पाकिस्तान के सीमावर्ती इलाकों में दबदबा कायम किया।

  • भारतीय नौसेना ने समुद्री मार्गों को ब्लॉक कर पाकिस्तान की आपूर्ति लाइनों को बाधित किया।

  • भारतीय थलसेना ने एलओसी पर मजबूती से मोर्चा संभालते हुए पाकिस्तान को पीछे हटने पर मजबूर कर दिया।

‘ऑपरेशन सिंदूर’ अब केवल एक सैन्य मिशन नहीं, बल्कि राष्ट्र के आत्मसम्मान और सुरक्षा की पहचान बन चुका है। यह अभियान पाकिस्तान द्वारा किए गए हालिया आतंकी हमलों, खासकर पहलगाम हमले, के जवाब में शुरू किया गया था। प्रधानमंत्री मोदी ने उस समय बिहार से देश को वचन दिया था कि आतंकी हमले के मास्टरमाइंड को उनकी औकात दिखा दी जाएगी — और भारत ने वो कर दिखाया।

ये भी पढ़ें-   मनमोहन सिंह ने मौन रहकर की थी 6 सर्जिकल स्ट्राइक, कांग्रेस ने बताई तारीख, दिखाए सबूत