शिव शंकर सविता- मथुरा में शनिवार तड़के एक दर्दनाक घटना के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। गोतस्करों का पीछा करते समय बाइक सवार गोरक्षक चंद्रशेखर उर्फ ‘फरसा वाले बाबा’ की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। आरोप है कि गोतस्करों ने कोटवन चौकी क्षेत्र के नवीपुर के पास उन्हें वाहन से कुचलकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि ईद के मौके पर गोवंश से भरे वाहनों की धरपकड़ के लिए गोरक्षक सक्रिय थे। तड़के करीब चार बजे चंद्रशेखर अपने साथियों के साथ एक संदिग्ध कंटेनर का पीछा कर रहे थे। इसी दौरान पीछा करते वक्त कथित तौर पर कंटेनर सवार तस्करों ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में एकत्रित हुए गोरक्षक
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में गोरक्षक और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने शव को लेकर छाता कट के पास हाईवे पर जाम लगा दिया। देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई और प्रदर्शन कर रहे लोगों ने पथराव भी शुरू कर दिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस प्रशासन को स्थिति संभालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। जानकारी के अनुसार, सीपी सिंह और श्लोक कुमार सिंह भी हालात का जायजा लेने के लिए घटनास्थल पर पहुंच रहे हैं।
गोरक्षकों ने संदिग्ध तस्कर को पकड़ने का किया दावा
इस दौरान गोरक्षकों ने एक संदिग्ध तस्कर को पकड़ने का दावा किया है, जिसे बाद में पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। प्रशासन लगातार प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश कर रहा है ताकि स्थिति को जल्द से जल्द सामान्य किया जा सके। फिलहाल इलाके में तनाव बना हुआ है, लेकिन हालात को नियंत्रण में लाने के प्रयास जारी हैं।