डिजिटल डेस्क- बीते दिन अहमदाबाद में हुए एअर इंडिया के प्लेन क्रैश की खबर से पूरी दुनिया में शोक व्याप्त है। अहमदाबाद में हुए प्लेन क्रैश में भारतीय और विदेशियों समेत गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी भी शामिल है। एअर इंडिया के आधिकारिक बयान के अनुसार लंदन जा रहे प्लेन में 230 यात्री, 10 क्रू मेंबर व 2 पायलट समेत 242 लोग शामिल थे। इस हादसे में 241 लोगों ने अपनी जान गंवाई थी जबकि एक भारतीय मूल के ब्रिटिश नागरिक विश्वास कुमार रमेश जिंदा बचे थे। इन मृतकों में एक नवविवाहिता भी शामिल है, जिसकी शादी 4 माह पूर्व ही हुई थी। नवविवाहिता अपने पति के पास लंदन जा रही थी। नवविवाहिता की असमय मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
अधूरी रह गई अपने पति से मिलने की चाह
हादसे में जान गंवाने वाली खुशबू की शादी 4 माह पूर्व ही जोधपुर के रहने वाले विपुल से हुई थी। विपुल लंदन में नर्सिंग आफीसर के पद पर तैनात है। खुशबू की शादी बीती जनवरी को विपुल से हुई थी। शादी के बाद विपुल लंदन वापस चला गया, जबकि खुशबू बुधवार शाम अहमदाबाद के लिए रवाना हुई और वहां से अहमदाबाद सिविल एयरपोर्ट से लंदन की फ्लाइट ली।
मंगलवार को जाने वाली थी खुशबू
पति के जाने के 2 महीने बाद उसके डॉक्यूमेंट्स तैयार हुए और उन्होंने पति के पास जाने का प्लान बनाया। मंगलवार को खुशबू लंदन के लिए अपने एक दोस्त के साथ में अहमदाबाद से यात्रा करने वाली थी, लेकिन खुशबु का टिकट कंफर्म नहीं होने की वजह से वह नहीं जा पाई थीं. इसके बाद गुरुवार को अहमदाबाद से लंदन जाने वाली AI 171 एयर इंडिया के विमान में उसका टिकट कंफर्म हुआ। लेकिन उड़ान भरने के कुछ मिनट बाद ही प्लेन क्रैश हो गया। अब खुशबू की कोई जानकारी अभी तक नहीं मिल पाई है। हालांकि माना जा रहा है की खुशबू इस हादसे का शिकार हो गई।
सास-ससुर का आशीर्वाद लेकर निकली थी लंदन के लिए
लंदन जाने से पहले खुशबू जोधपुर के अपने ससुराल से अपने मायके बालोतरा गई थी। 2 दिन अपने माता-पिता के पास रहने के बाद वह बुधवार शाम बालोतरा से अपने पिता के साथ अहमदाबाद लंदन की फ्लाइट पकड़ने के लिए रवाना हुई। बीच में वह पाली के जवाहर नगर में अपने सास-ससुर का आशीर्वाद लेने के लिए रुकी। इसके बाद वह गुरुवार सुबह अहमदाबाद पहुंची और फिर लंदन रवाना हुई।
परिवार गया था एयरपोर्ट छोड़ने
खुशबू के पिता मदन सिंह राजपुरोहित और उनके चचेरे भाई खुशबू के साथ उन्हें अहमदाबाद छोड़ने गए थे। उनके अहमदाबाद से निकलने से पहले ही विमान हादसे की जानकारी उन्हें मिल गई। अब वह खुशबू की तलाश कर रहे हैं। हादसे में मिले शवों को अहमदाबाद के अस्पतालों में पहुंचाया गया है। लेकिन खुशबू के बारे में अभी तक कोई जानकारी सामने नहीं आ पाई है।