KNEWS DESK- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बच्चों के लिए एक विशेष पत्र लिखा, जिसमें उन्होंने उन्हें चाइनीज मांझे और मोबाइल की लत से दूर रहने की सलाह दी। अपनी चिट्ठी में सीएम ने बच्चों को किताबों से दोस्ती करने, खेलकूद में भाग लेने और बोर्ड परीक्षाओं में सफल होने के लिए मार्गदर्शन भी दिया।
सीएम योगी ने बच्चों से कहा कि तेज धार वाले चाइनीज मांझे का उपयोग कानूनन अपराध है। उन्होंने पत्र में लिखा, “प्रदेश में इसकी बिक्री, भंडारण और उपयोग पूर्णतः प्रतिबंधित है। चाइनीज मांझे से होने वाली जनहानि को देखते हुए पूरे प्रदेश में अभियान चलाया जा रहा है। बच्चों को स्वयं इसका उपयोग नहीं करना चाहिए और दोस्तों को भी जागरूक करना चाहिए। किसी को इसे बेचते देख परिजनों की मदद से पुलिस को सूचित करें।”
सीएम ने मोबाइल के अधिक उपयोग पर चिंता जताते हुए कहा कि यह बच्चों का मूल्यवान समय चुरा लेता है, पढ़ाई में बाधा डालता है और आंखों को कमजोर करता है। उन्होंने सुझाव दिया कि बच्चे मोबाइल का उपयोग सीमित समय के लिए करें और पुस्तकों से मित्रता बढ़ाएं। साथ ही मित्रों और परिवार के साथ समय बिताएं और खेलकूद में सक्रिय रहें।
बोर्ड परीक्षाओं को लेकर बच्चों को शुभकामनाएं देते हुए सीएम ने कहा कि परीक्षा कक्ष में आत्मविश्वास के साथ प्रवेश करें, प्रश्नपत्र ध्यान से पढ़ें और बिना घबराए उत्तर लिखें। उन्होंने बच्चों को नकारात्मक विचारों से दूर रहने और अनुशासन व मेहनत जारी रखने की सलाह दी।
सीएम योगी ने अपने पत्र में भगवद गीता का श्लोक भी उद्धृत किया “कर्मण्येवाधिकारस्ते मा फलेषु कदाचन” इसका अर्थ है कि मनुष्य का अधिकार केवल अपने कर्म पर है, उसके परिणाम पर नहीं। उन्होंने कहा कि बच्चों की सीखने की ललक और मेहनत सबसे महत्वपूर्ण है।
सीएम योगी ने अंत में सभी विद्यार्थियों को आगामी बोर्ड परीक्षाओं के लिए हृदय से शुभकामनाएं दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।