महाराष्ट्र में बढ़ रहा GBS का खतरा, मुंबई में पहला मामला सामने आया

KNEWS DESK, महाराष्ट्र में इन दिनों गिलियन बैरे सिंड्रोम (जीबीएस) के मरीजों की संख्या बढ़ रही है, और अब तक इस बीमारी के कारण 6 मौतें हो चुकी हैं। हाल ही में मुंबई में भी जीबीएस का पहला केस सामने आया है।

मुंबई में मिला जीबीएस का पहला मरीज

मुंबई के अंधेरी ईस्ट में रहने वाले एक व्यक्ति में जीबीएस के लक्षण पाए गए। जब जांच की गई, तो वह संक्रमित पाया गया। मरीज को तुरंत नगर निगम सेवन हिल्स हॉस्पिटल में भर्ती कर लिया गया है और उसका इलाज चल रहा है।

राज्य में बढ़ रहे जीबीएस के मामले

मुंबई के अलावा, इस बीमारी के मरीज पुणे, अहिल्यानगर और गोंदिया से भी सामने आए हैं। पुणे में 173 मरीजों में से 140 जीबीएस से संक्रमित हैं और 21 मरीज वेंटिलेटर पर हैं। इसके अलावा, राज्य के विभिन्न हिस्सों में संदिग्ध मरीजों की जानकारी मिली है।

मुरजी पटेल ने हॉस्पिटल में की समीक्षा

मुंबई में जीबीएस का पहला मामला सामने आने के बाद, अंधेरी ईस्ट के विधायक मुरजी पटेल सेवन हिल्स हॉस्पिटल पहुंचे। उन्होंने हॉस्पिटल के डीन से मुलाकात की और सुझाव दिया कि जीबीएस के मरीजों के लिए 50 बेड आरक्षित किए जाएं। उन्होंने यह भी कहा कि इन मरीजों को महात्मा फुले जीवनदायी योजना के तहत मुफ्त इलाज दिया जाए।

अलर्ट जारी, प्रशासन की कोशिशें जारी

महाराष्ट्र में जीबीएस के बढ़ते मामलों के बीच प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा, हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं ताकि इस सिंड्रोम के फैलाव को रोका जा सके।

यह भी पढ़ें-पीएम मोदी का फ्रांस और अमेरिका दौरा, राष्ट्रपति मैक्रों और ट्रंप से करेंगे मुलाकात

About Post Author