चक्रवाती तूफान ‘मोंथा’ का खतरा: बंगाल की खाड़ी में गहरा दबाव, कई राज्यों में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी

डिजिटल डेस्क- दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना गहरा दबाव क्षेत्र अब धीरे-धीरे मजबूत होता जा रहा है और मौसम विभाग (IMD) ने आशंका जताई है कि यह मंगलवार सुबह तक चक्रवाती तूफान ‘मोंथा’ में तब्दील हो सकता है। इस संभावित तूफान को देखते हुए भारत मौसम विभाग ने तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, ओडिशा और पुडुचेरी के तटीय इलाकों के लिए अलर्ट जारी किया है। वहीं, तमिलनाडु में ऑरेंज अलर्ट लागू कर दिया गया है।

मौसम विभाग के मुताबिक, वर्तमान में यह प्रणाली उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर करीब 8 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रही है। अगले 24 से 48 घंटों में इसके कारण तटीय राज्यों में भारी बारिश, तेज हवाएं और समुद्र में ऊंची लहरें उठने की संभावना है। मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है और तटीय इलाकों में लोगों को सावधान रहने के निर्देश दिए गए हैं।

30 और 31 अक्टूबर को बारिश मचाएगी कहर

आईएमडी के अनुसार, अक्टूबर के अंतिम दो दिनों में उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और ओडिशा में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। इन राज्यों में तूफान ‘मोंथा’ का सीधा असर देखने को मिलेगा। बिजली गिरने, पेड़ उखड़ने और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है। प्रशासन ने लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।

दिल्ली में हल्की बारिश और तापमान में गिरावट

छठ पूजा के दिन राजधानी दिल्ली में भी शाम तक हल्की बारिश हो सकती है। इससे तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। आज दिल्ली का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, बारिश के बाद वायु गुणवत्ता में सुधार भी देखने को मिल सकता है।

हिमाचल और उत्तराखंड में बर्फबारी की संभावना

उत्तर भारत के पर्वतीय इलाकों में ठंड ने दस्तक दे दी है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊपरी क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है। शिमला में अधिकतम तापमान 23 और न्यूनतम 8 डिग्री सेल्सियस, जबकि देहरादून में अधिकतम 26 और न्यूनतम 13 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और गुजरात में भी अलर्ट

मध्य प्रदेश के 31 जिलों — जिनमें रायसेन, इंदौर, बैतूल और नर्मदापुरम प्रमुख हैं — में भारी बारिश और तेज आंधी का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, अरब सागर में बने एक अन्य कम दबाव के क्षेत्र के चलते मुंबई, कोंकण और ग्रेटर मुंबई में येलो अलर्ट जारी किया गया है। यहां 45 से 55 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है। गुजरात के कई जिलों में भी अगले दो दिनों तक तेज बारिश का पूर्वानुमान है।