मेडागास्कर में तख्तापलट, राष्ट्रपति राजोएलीना देश छोड़कर भागे, सेना और युवा आंदोलनकारियों के हाथों में सत्ता

KNEWS DESK- नेपाल और मोरक्को के बाद अब मेडागास्कर भी Gen-Z आंदोलन की लहर में बुरी तरह हिल गया है। देश के राष्ट्रपति एंड्री राजोएलीना सत्ता से बेदखल हो गए हैं और देश छोड़कर भाग गए हैं। राजधानी अंटानानारिवो में जारी विरोध प्रदर्शनों ने इतना बड़ा रूप ले लिया कि सेना और अर्धसैनिक बलों के कई धड़ों ने सरकार के आदेश मानने से इनकार कर दिया और प्रदर्शनकारियों का साथ देने का ऐलान कर दिया।

अब तक की जानकारी के अनुसार, सत्ता विपक्ष और सेना समर्थित अस्थायी प्रशासन के हाथों में आ चुकी है। सीनेट की ओर से जारी बयान में बताया गया कि नए कार्यवाहक राष्ट्रपति के रूप में जीन आंद्रे न्द्रेमांजारि को नियुक्त किया गया है।

एक लाइव संबोधन में पूर्व राष्ट्रपति एंड्री राजोएलीना ने कहा कि वे एक “सुरक्षित स्थान” पर हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि 25 सितंबर से ही उनके खिलाफ जानलेवा हमलों और तख्तापलट की साजिशों की योजना बनाई जा रही थी। उन्होंने दावा किया कि सेना और राजनेताओं का एक गुट उनकी हत्या करना चाहता था, जिससे जान बचाने के लिए उन्हें देश छोड़ना पड़ा।

विरोध प्रदर्शन की शुरुआत 25 सितंबर को पानी और बिजली की भारी कमी को लेकर हुई थी, लेकिन धीरे-धीरे आंदोलन ने भ्रष्टाचार, कुप्रशासन और बुनियादी सेवाओं की बदहाली के खिलाफ व्यापक रूप ले लिया। इस आंदोलन की अगुवाई Gen-Z—यानी देश के युवा—कर रहे हैं, जो बदलाव और जवाबदेही की मांग कर रहे हैं।

तख्तापलट की दिशा तब तय हुई जब CAPSAT नाम की सैन्य इकाई, जिसने 2009 में राजोएलीना को सत्ता में लाने में अहम भूमिका निभाई थी, ने प्रदर्शनकारियों का समर्थन कर दिया। इस इकाई ने प्रदर्शनकारियों पर गोली चलाने से इनकार कर दिया और खुलकर उनके साथ आ खड़ी हुई।

CAPSAT ने न केवल सरकार को चुनौती दी, बल्कि खुद ही एक नया सेना प्रमुख नियुक्त कर दिया और राजधानी के मुख्य चौक पर तैनात हो गई। साथ ही, अर्धसैनिक बलों (जेंडरमेरी) के एक धड़े ने भी प्रदर्शनकारियों के पक्ष में मोर्चा संभाल लिया और औपचारिक रूप से सुरक्षा बलों का नियंत्रण अपने हाथ में ले लिया।

राजधानी से राष्ट्रपति के रहस्यमय तरीके से गायब हो जाने के बाद उनके कार्यालय की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया। हालांकि विपक्षी नेता सीतेनी रांद्रिआनासोलोनियाइको ने रॉयटर्स को बताया कि उन्होंने राष्ट्रपति कार्यालय के कर्मचारियों से बातचीत की है, जिन्होंने पुष्टि की कि राजोएलीना देश छोड़ चुके हैं। उनके ठिकाने के बारे में अभी तक कोई स्पष्ट जानकारी नहीं है।

मेडागास्कर के संविधान के अनुसार, राष्ट्रपति की अनुपस्थिति में सीनेट अध्यक्ष को कार्यवाहक राष्ट्रपति नियुक्त किया जाता है। मौजूदा सीनेट अध्यक्ष को प्रदर्शनकारियों के दबाव में हटा दिया गया और उनकी जगह जीन आंद्रे न्द्रेमांजारि को कार्यवाहक राष्ट्रपति बना दिया गया है। अब उनके नेतृत्व में आगामी चुनावों की तैयारी की जाएगी।

मेडागास्कर का यह तख्तापलट साबित करता है कि Gen-Z अब सिर्फ सोशल मीडिया तक सीमित नहीं रही, बल्कि व्यवस्था बदलने की ताकत बनकर उभरी है।

नेपाल में हाल ही में प्रधानमंत्री को इस्तीफा देना पड़ा, वहीं मोरक्को में सरकार के कई फैसले पलटे गए। अब मेडागास्कर में भी यही पीढ़ी सत्ता परिवर्तन की वजह बन गई है।