संविधान और लोकतंत्र खतरे में… कांग्रेस स्थापना दिवस पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे का मोदी सरकार पर तीखा हमला

शिव शंकर सविता- कांग्रेस के 140वें स्थापना दिवस के मौके पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने केंद्र की मोदी सरकार पर जोरदार हमला बोला। दिल्ली स्थित इंदिरा भवन में आयोजित ध्वजारोहण समारोह के दौरान खरगे ने कहा कि आज देश में संविधान और लोकतंत्र गंभीर खतरे में हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार संवैधानिक संस्थाओं और जनता के अधिकारों को कमजोर करने का काम कर रही है। ध्वजारोहण कार्यक्रम में कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। खरगे ने कांग्रेस के 140 वर्षों के इतिहास और स्वतंत्रता आंदोलन में उसके योगदान को याद करते हुए कहा कि कांग्रेस हमेशा से देश के गरीबों, किसानों, मजदूरों और वंचित वर्गों की आवाज रही है।

हमारी सरकार ने आम नागरिकों के अधिकारों को मजबूत करने वाले कानून बनाये

अपने संबोधन में खरगे ने कहा कि सोनिया गांधी के कांग्रेस अध्यक्ष रहते हुए और डॉ. मनमोहन सिंह के प्रधानमंत्री काल में देश में कई ऐतिहासिक कानून बने, जिन्होंने आम नागरिकों के अधिकारों को मजबूत किया। उन्होंने सूचना का अधिकार (RTI), शिक्षा का अधिकार (RTE), खाद्य सुरक्षा कानून, मनरेगा, वन अधिकार कानून और भूमि अधिग्रहण कानून का उल्लेख करते हुए कहा कि इन कानूनों ने लोकतंत्र की जड़ों को मजबूत किया। खरगे ने आरोप लगाया कि पिछले 11 वर्षों में मोदी सरकार ने कांग्रेस द्वारा बनाए गए संस्थानों को कमजोर करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि आज जल, जंगल और जमीन खतरे में हैं और जनता के अधिकार छीने जा रहे हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने मनरेगा जैसी जनकल्याणकारी योजना को लगभग खत्म कर दिया है और पूंजीपतियों के हित में कानून बनाए जा रहे हैं।

कांग्रेस हमेशा से समावेशी विकास, सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक मूल्यों की पक्षधर रही

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस हमेशा से समावेशी विकास, सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए संघर्ष करती रही है। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस ने सभी वर्गों को साथ लेकर आजादी की लड़ाई लड़ी। कई देश आजाद हुए, लेकिन भारत दुनिया का ऐसा देश है जहां लोकतंत्र आज भी जीवित है, और इसके पीछे कांग्रेस की सोच और संघर्ष रहा है। खरगे ने कहा कि 62 वर्षों तक करोड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने संघर्ष किया, जेल गए और देश के लिए बलिदान दिया, तभी भारत को आजादी मिली। उन्होंने कांग्रेस के संस्थापकों और स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि पार्टी उस भारत के निर्माण के लिए काम करती रहेगी, जिसका सपना उन्होंने देखा था।

आरएसएस ने लंबे समय तक संविधान, तिरंगा और वंदे मातरम् को स्वीकार नहीं किया

उन्होंने भाजपा और आरएसएस पर हमला करते हुए कहा कि इन संगठनों ने लंबे समय तक संविधान, तिरंगे और ‘वंदे मातरम’ को स्वीकार नहीं किया। खरगे ने आरोप लगाया कि आज सरकार फर्जी आंकड़ों के जरिए देश को गुमराह कर रही है और जनहित के बजाय चुनिंदा उद्योगपतियों के फायदे के लिए नीतियां बनाई जा रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *