‘एक करोड़ वोट काटने की साजिश’—SIR पर अखिलेश का हमला, चुनाव आयोग से की तत्काल कार्रवाई की मांग

शिव शंकर सविता- उत्तर प्रदेश में भले ही विधानसभा चुनाव अभी दूर हों, लेकिन सियासी माहौल अभी से गर्माने लगा है। सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। इसी कड़ी में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। राजधानी लखनऊ स्थित सपा मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अखिलेश यादव ने यूपी में चल रहे विशेष पुनरीक्षण (SIR) अभियान को लेकर बीजेपी और चुनाव आयोग दोनों को निशाने पर लिया। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि फॉर्म-7 के माध्यम से बड़े पैमाने पर मतदाता सूची में धांधली की तैयारी की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि उन्हें ऐसी जानकारियां मिली हैं, जिनसे साफ होता है कि बीजेपी इस प्रक्रिया के जरिए टारगेटेड वोट कटवाने की साजिश कर रही है। सपा प्रमुख ने कहा कि उनके पास इस कथित गड़बड़ी के सबूत मौजूद हैं और इस संबंध में उन्होंने चुनाव आयोग को लिखित शिकायत भी दी है।

सभी फॉर्म 7 हो रद्द- अखिलेश यादव

अखिलेश यादव ने मांग की कि अब तक जमा किए गए सभी फॉर्म-7 रद्द किए जाएं और दोबारा पूरी पारदर्शिता के साथ प्रक्रिया शुरू की जाए। उन्होंने कहा कि हर फॉर्म पर यूनिक नंबरिंग होनी चाहिए और फॉर्म-7 पर चुनाव आयोग का होलोग्राम अनिवार्य किया जाए। उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि फॉर्म जमा करने की प्रक्रिया की सीसीटीवी फुटेज की जांच हो और गड़बड़ी पकड़ने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का सहारा लिया जाए। सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि सीतापुर, कन्नौज और अन्य जिलों से जानकारी मिली है कि खासतौर पर मुस्लिम और PDA वर्ग के मतदाताओं के वोट कटवाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों को हस्ताक्षर करना नहीं आता, उनके नाम से भी फॉर्म-7 भर दिए गए हैं। अखिलेश का दावा है कि जिन विधानसभा क्षेत्रों में बीजेपी हारी है, वहां यह प्रक्रिया ज्यादा तेज़ी से चल रही है।

हर विधानसभा में 6 हजार से लेकर 32500 वोट काटने का लक्ष्य- अखिलेश यादव

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में वोट सबसे बड़ा अधिकार है और उससे छेड़छाड़ करना राजनीतिक भ्रष्टाचार है। अखिलेश यादव ने दावा किया कि पूरे प्रदेश में करीब एक करोड़ वोट काटने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने अकबरपुर, अयोध्या, बाराबंकी, गोंडा, करनैलगंज, बछरावां और लखनऊ सेंट्रल जैसे क्षेत्रों का जिक्र करते हुए कहा कि हर विधानसभा में 6 हजार से लेकर 32,500 वोट काटने का टारगेट तय किया गया है। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि इस कथित धांधली के लिए पेन ड्राइव तैयार की गई हैं, जिनसे डेटा प्रिंट कर फॉर्म जमा किए जाएंगे। उन्होंने चुनाव आयोग से तुरंत संज्ञान लेने की मांग करते हुए कहा कि दोषियों पर FIR दर्ज हो और IPC की धारा 420 सहित राज्य के खिलाफ साजिश का मुकदमा चलाया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *