नोएडा में मजदूरों के प्रदर्शन हिंसक पर सामने आया सीएम योगी का बयान, बोलें— नोएडा में अशांति फैलाने की साजिश

डिजिटल डेस्क- उत्तर प्रदेश के नोएडा में सोमवार को मजदूरों का प्रदर्शन अचानक हिंसक हो गया, जिससे पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया। बीते चार दिनों से सैलरी बढ़ाने और अन्य मांगों को लेकर जारी यह आंदोलन सोमवार को उग्र हो उठा। कई जगहों पर मजदूरों ने सड़कों को जाम कर दिया, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया और आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। प्रदर्शन कर रहे मजदूरों का आरोप है कि उनसे बेहद कम वेतन पर काम कराया जा रहा है, जिससे उनका गुजारा करना मुश्किल हो गया है। इसके अलावा उन्होंने कंपनियों में कई अनियमितताओं की भी शिकायत की है। मजदूरों की मांग है कि न्यूनतम वेतन बढ़ाकर 20 हजार रुपये किया जाए और कार्यस्थलों पर सुविधाएं बेहतर बनाई जाएं।

कई इलाकों में सुबह से हो रही आगजनी और पथराव

सोमवार सुबह प्रदर्शन ने हिंसक रूप ले लिया। कुछ इलाकों में पथराव और आगजनी की घटनाएं सामने आईं, जबकि कई स्थानों पर पुलिस वाहनों को भी नुकसान पहुंचाया गया। हालात बिगड़ते देख प्रशासन ने मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश शुरू की। इस पूरे मामले पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। मुजफ्फरनगर में एक सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में शांति और विकास को बाधित करने के लिए कुछ लोग साजिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “उत्तर प्रदेश में डबल इंजन की सरकार, प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व में सुरक्षा, सुशासन और औद्योगिकीकरण का मॉडल खड़ा कर रही है। लेकिन कुछ तत्व इस शांति और समृद्धि को रोकने के लिए अशांति फैलाने की कोशिश कर रहे हैं।” सीएम योगी ने मजदूरों से अपील करते हुए कहा कि वे किसी के बहकावे में न आएं और शांति बनाए रखें।

कोरोना काल का किया जिक्र

उन्होंने कोरोना काल का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार ने उस कठिन समय में भी श्रमिकों की हर संभव मदद की थी। “हमारी सरकार ने बिना किसी भेदभाव के श्रमिकों के लिए परिवहन, क्वारंटाइन और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराईं और उन्हें सुरक्षित घर पहुंचाने का काम किया,” उन्होंने कहा। वहीं, प्रशासन ने भी मजदूरों की समस्याओं के समाधान के लिए बातचीत का रास्ता अपनाने की बात कही है। अधिकारियों का कहना है कि श्रमिकों की जायज मांगों पर विचार किया जाएगा, लेकिन कानून व्यवस्था से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। फिलहाल नोएडा के कई इलाकों में पुलिस बल तैनात है और हालात पर नजर रखी जा रही है। यातायात व्यवस्था को धीरे-धीरे सामान्य करने की कोशिश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *