होली से पहले सीएम योगी का बड़ा ऐलान, समय पर वेतन और तीन दिन की छुट्टी

डिजिटल डेस्क- साल 2026 की होली से पहले उत्तर प्रदेश सरकार ने कर्मचारियों के लिए बड़ी राहत की घोषणा की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निर्देश दिया है कि सभी सरकारी कर्मचारियों का वेतन होली से पहले हर हाल में जारी किया जाए। उन्होंने साफ कहा कि आउटसोर्सिंग कर्मी, संविदा कर्मचारी, सफाईकर्मी और अन्य अस्थायी स्टाफ समेत सभी को समय पर सैलरी मिलनी चाहिए और इस मामले में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि वेतन भुगतान में देरी हुई तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने “जीरो टॉलरेंस” की नीति पर जोर देते हुए कहा कि त्योहार के समय कर्मचारियों को आर्थिक परेशानी नहीं होनी चाहिए। सरकार का उद्देश्य है कि सभी परिवार बिना तनाव के होली का त्योहार मना सकें।

2 से 4 मार्च तक होली अवकाश, 28 फरवरी रहेगा कार्य दिवस

सरकार की ओर से जारी निर्देशों के मुताबिक 2, 3 और 4 मार्च को होली का अवकाश रहेगा। वहीं शनिवार, 28 फरवरी को कार्यदिवस घोषित किया गया है। इसके अलावा 3 मार्च को सभी कर्मचारियों को अवकाश मिलेगा। मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि पांच दिन कार्य करने वाले कार्यालय तय अवधि के अनुसार बंद रहेंगे और अवकाश व्यवस्था का पालन सुनिश्चित किया जाएगा। सरकार का मानना है कि समय पर वेतन मिलने से विशेष रूप से कम वेतन पाने वाले कर्मचारियों को राहत मिलेगी। पिछले वर्षों में त्योहारों से पहले वेतन में देरी की शिकायतें सामने आती रही हैं, जिससे कर्मचारियों और उनके परिवारों को आर्थिक दबाव का सामना करना पड़ता था। इस बार सरकार ने पहले से तैयारी कर भुगतान प्रक्रिया समय पर पूरी करने के निर्देश दिए हैं।

वेतन वितरण में न आये कोई अड़चन- योगी आदित्यनाथ

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे विभागीय स्तर पर समीक्षा करें और सुनिश्चित करें कि वेतन वितरण की प्रक्रिया में किसी प्रकार की तकनीकी या प्रशासनिक अड़चन न आए। यदि कहीं समस्या आती है तो उसका समाधान तुरंत किया जाए। सीएम योगी ने कहा कि होली जैसे सांस्कृतिक रूप से महत्वपूर्ण त्योहार के दौरान प्रशासन की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे सरकार के “सबका साथ, सबका विकास” के दृष्टिकोण के अनुरूप काम करें और कर्मचारियों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *