असमय बारिश पर सख्त हुए CM योगी आदित्यनाथ, किसानों के नुकसान का तुरंत आकलन कर राहत देने के निर्देश

KNEWS DESK- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के कई जिलों में हुई असमय बारिश के बाद किसानों की स्थिति का संज्ञान लिया है। उन्होंने प्रभावित किसानों को जल्द राहत पहुंचाने के लिए अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारियों से बारिश के कारण फसलों को हुए नुकसान की विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसान हित सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और मौसम की मार झेल रहे किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।

योगी आदित्यनाथ ने राजस्व, कृषि विभाग और बीमा कंपनियों को निर्देशित किया कि वे संयुक्त रूप से फसल नुकसान का तत्काल सर्वे कराएं और इसकी रिपोर्ट शासन को भेजें, ताकि प्रभावित किसानों को जल्द से जल्द मुआवजा दिया जा सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार हर आपदा और संकट की घड़ी में प्रदेशवासियों के साथ खड़ी है। उन्होंने बताया कि हाल ही में हुई बारिश से जिन किसानों की फसल प्रभावित हुई थी, उन्हें मुआवजा देने की प्रक्रिया जारी है और बुधवार की बारिश से हुए नुकसान का भी शीघ्र आकलन कराया जाएगा।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे फील्ड में जाकर वास्तविक स्थिति का जायजा लें और प्रभावित क्षेत्रों में पारदर्शी तरीके से नुकसान का आंकलन सुनिश्चित करें। साथ ही प्रमुख सचिव (कृषि) और राहत आयुक्त को निर्देश दिया गया कि वे जमीनी स्तर पर तैनात अधिकारियों से सीधा संपर्क बनाए रखें और समन्वय के साथ काम करें।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि जैसे ही नुकसान का आकलन पूरा हो, मुआवजा वितरण की प्रक्रिया तुरंत शुरू कर दी जाए। उन्होंने भुगतान व्यवस्था को समयबद्ध और प्रभावी बनाने पर जोर दिया, ताकि किसानों को जल्द राहत मिल सके।

सरकार के इस सक्रिय रुख से उम्मीद जताई जा रही है कि बारिश से प्रभावित किसानों को समय पर सहायता मिल सकेगी और उनकी परेशानियों को कम किया जा सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *