CM रेखा गुप्ता ने की बड़ी घोषणा… दिल्ली मेट्रो के तीन स्टेशनों के बदले जाएंगे नाम

KNEWS DESK – दिल्ली मेट्रो से सफर करने वाले यात्रियों के लिए एक अहम अपडेट सामने आया है। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ऐलान किया है कि राजधानी के तीन प्रमुख मेट्रो स्टेशनों के नाम बदले जाएंगे। यह निर्णय रेजांगला युद्ध के वीर शहीदों को सम्मान देने के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों की मांगों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।

रेजांगला युद्ध के शहीदों को श्रद्धांजलि

लद्दाख से शुरू हुई पवित्र राज कलश यात्रा शुक्रवार को हैदरपुर पहुँची। यह यात्रा रेजांगला युद्ध के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि देने के उद्देश्य से निकाली गई है। यात्रा में शामिल होकर दिल्ली CM रेखा गुप्ता ने इसे “राष्ट्र प्रथम” की मजबूत भावना का प्रतीक बताया। CM रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया पर लिखा, “हैदरपुर की धरती धन्य है कि वीर शहीदों की पावन स्मृति यहाँ पहुँची। यह यात्रा राष्ट्रीय चेतना को नई ऊंचाई देती है।”

तीन मेट्रो स्टेशनों के नाम बदले जाएंगे

सीएम रेखा गुप्ता ने घोषणा की कि यात्रियों और स्थानीय निवासियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दिल्ली के तीन मेट्रो स्टेशनों के नाम बदल दिए जाएंगे। नए नाम इस प्रकार हैं:

  1. पीतमपुरा मेट्रो स्टेशन → अब होगा मधुबन चौक
  2. प्रशांत विहार मेट्रो स्टेशन → अब उत्तरी पीतमपुरा/प्रशांत विहार
  3. हैदरपुर बादली मोड़ मेट्रो स्टेशन → अब हैदरपुर गांव

यह कदम स्थानीय पहचान को मजबूत करने और यात्रियों के बीच लोकेशन की स्पष्टता बढ़ाने के लिए लिया गया है।

क्षेत्र में तेजी से हो रहा विकास

सीएम रेखा गुप्ता ने बताया कि हैदरपुर क्षेत्र को तेजी से विकसित किया जा रहा है। मैक्स अस्पताल रोड चौड़ा करने का काम जारी है। अंडरपास निर्माण भी तेजी से हो रहा है। आने वाले समय में हैदरपुर गांव आधुनिक सुविधाओं और परंपरा का मिश्रण बनकर उभरेगा।

नए मेट्रो स्टेशन नामों से आने-जाने में आसानी होगी और क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को भी नया सम्मान मिलेगा। सरकार का दावा है कि आगामी महीनों में इस इलाके के विकास कार्य लोगों के लिए बड़ा बदलाव लेकर आएंगे।