डिजिटल डेस्क- दिल्ली विधानसभा में बजट पर चर्चा के दौरान सियासी माहौल उस वक्त गरमा गया, जब मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पूर्व की आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकार दिल्ली पर भारी कर्ज छोड़कर गई, जिसे मौजूदा सरकार को चुकाना पड़ा है। सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि विपक्ष बजट पर सार्थक सुझाव देने के बजाय केवल विरोध की राजनीति कर रहा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि विपक्ष को सड़क पर बैठना ज्यादा पसंद है, जबकि उनकी सरकार राजधानी में बेहतर सड़कें और विकास कार्य कर रही है। उन्होंने कहा, “मैं उम्मीद कर रही थी कि विपक्ष बजट पर रचनात्मक सुझाव देगा, लेकिन इन्होंने विरोध को ही प्राथमिकता दी।
47000 का कर्ज छोड़कर गई थी आप सरकार- सीएम रेखा गुप्ता
कर्ज के मुद्दे पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार 47,000 करोड़ रुपये का कर्ज छोड़कर गई थी। उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार इस वित्तीय बोझ को धीरे-धीरे कम कर रही है और पुराने बकाया को चुकाया जा रहा है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि लोन लेना कोई नई बात नहीं है और यह प्रक्रिया पहले की सरकारों में भी जारी रही है। रेखा गुप्ता ने कई परियोजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि एक्सप्रेसवे, मेट्रो और अस्पतालों से जुड़ी हजारों करोड़ की देनदारियां पिछली सरकार की देन हैं। उन्होंने बताया कि मेट्रो परियोजनाओं के लिए 9000 करोड़ रुपये लंबित थे, जिनमें से 2700 करोड़ रुपये उनकी सरकार ने भुगतान किए हैं। इसके अलावा अस्पतालों पर करीब 2000 करोड़ रुपये की देनदारी अभी भी बनी हुई है।
शिक्षा के क्षेत्र पर भी बोला हमला
शिक्षा क्षेत्र को लेकर भी मुख्यमंत्री ने गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि कई स्कूल अधूरे पड़े हैं और उनकी लागत चार गुना तक बढ़ गई है। “20 करोड़ का स्कूल 80 करोड़ में भी पूरा नहीं हो रहा, यह साफ तौर पर भ्रष्टाचार को दर्शाता है,” उन्होंने कहा। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि खिलाड़ियों के 24 करोड़ रुपये और छात्रों की स्कॉलरशिप के 17.5 करोड़ रुपये भी पिछली सरकार ने नहीं दिए थे, जिन्हें अब उनकी सरकार चुका रही है। ईवी पॉलिसी पर बोलते हुए रेखा गुप्ता ने कहा कि पिछली सरकार ने इस क्षेत्र में कोई ठोस निवेश नहीं किया। उन्होंने बताया कि उनकी सरकार ने 48 करोड़ रुपये के बजट में से 24 करोड़ रुपये जारी कर दिए हैं और इस दिशा में काम तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। इसके अलावा ‘जय भीम योजना’ के तहत भी 31 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं।
पीएम मोदी की वजह से आप सरकार ने कई योजनाओं को नहीं लागू किया- सीएम रेखा गुप्ता
मुख्यमंत्री ने यह भी आरोप लगाया कि AAP सरकार के कार्यकाल में हर साल करीब 5000 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की कई योजनाओं को केवल इस वजह से लागू नहीं किया गया क्योंकि उनमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नाम जुड़ा था। अपने संबोधन के अंत में रेखा गुप्ता ने कहा कि उनकी सरकार केवल मुफ्त योजनाओं पर नहीं, बल्कि ठोस विकास कार्यों पर ध्यान दे रही है। उन्होंने कहा, “दिल्ली को बर्बाद करके छोड़ा गया, लेकिन अब हम इसे सही दिशा में आगे बढ़ा रहे हैं।”