KNEWS DESK- राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज इतिहास रचने जा रहा है। पहली बार क्लाउड सीडिंग (कृत्रिम वर्षा) का परीक्षण किया जाएगा। पर्यावरण मंत्री मंजिंदर सिंह सिरसा ने जानकारी दी कि क्लाउड सीडिंग के लिए कानपुर से विशेष विमान उड़ान भर चुका है, और जैसे ही मौसम की स्थिति अनुकूल होगी, दिल्ली में यह प्रयोग शुरू हो जाएगा।
मंत्री सिरसा ने बताया कि वर्तमान में कानपुर में दृश्यता करीब 2,000 मीटर है, और जैसे ही यह 5,000 मीटर तक पहुंचेगी, विमान दिल्ली पहुंचेगा और परीक्षण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह पहल दिल्ली की गंदी हवा को साफ करने और प्रदूषण कम करने के उद्देश्य से की जा रही है।
क्लाउड सीडिंग, जिसे कृत्रिम वर्षा भी कहा जाता है, एक वैज्ञानिक तकनीक है जिसके तहत बादलों में विशेष रसायनों का छिड़काव किया जाता है ताकि वर्षा कराई जा सके। इसमें सिल्वर आयोडाइड, पोटेशियम आयोडाइड या ड्राई आइस (ठोस कार्बन डाइऑक्साइड) जैसे पदार्थों का उपयोग होता है।
ये रसायन बादलों में मौजूद जलवाष्प को संघनित कर देते हैं, जिससे बूंदें या बर्फ के क्रिस्टल बनते हैं। जब ये भारी हो जाते हैं, तो वे वर्षा के रूप में नीचे गिरते हैं। हालांकि, यह प्रक्रिया तभी सफल होती है जब वायुमंडल में पर्याप्त नमी और सही प्रकार के बादल मौजूद हों।
इससे पहले बुराड़ी क्षेत्र में टेस्ट फ्लाइट की गई थी, जिसमें सिल्वर आयोडाइड और नमक का छिड़काव किया गया था। हालांकि, उस समय हवा में सिर्फ 20% नमी होने के कारण वर्षा नहीं हो पाई थी। अब मौसम विभाग का कहना है कि 28 से 30 अक्टूबर के बीच दिल्ली के आसमान में बादलों की स्थिति अनुकूल रहेगी।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने उम्मीद जताई है कि अगर मौसम अनुकूल रहा, तो 29 अक्टूबर को दिल्ली में पहली कृत्रिम बारिश देखी जा सकती है।
हालांकि क्लाउड सीडिंग सीधे तौर पर प्रदूषकों को खत्म नहीं करती, लेकिन वर्षा के माध्यम से यह हवा में मौजूद धूल, पराग और हानिकारक कणों को नीचे गिरा देती है। इससे हवा साफ होती है और AQI (Air Quality Index) में सुधार आता है।
दिल्ली में हर साल सर्दियों के दौरान वायु प्रदूषण एक बड़ी समस्या बन जाती है। इसलिए, क्लाउड सीडिंग को एक प्रयोगात्मक उपाय के रूप में देखा जा रहा है, जो आगे चलकर प्रदूषण नियंत्रण की दिशा में एक नई शुरुआत साबित हो सकता है।
मंगलवार सुबह मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आईटीओ घाट पर छठ पर्व के अवसर पर उगते सूर्य को अर्घ्य दिया। उनके साथ मंत्री मंजिंदर सिंह सिरसा, कपिल मिश्रा और रविंदर इंद्राज भी मौजूद रहे। सिरसा ने कहा कि “छठ पूजा पूरे हर्षोल्लास से मनाई गई। मुख्यमंत्री ने डूबते सूर्य को प्रणाम कर जो शुरुआत की थी, आज उगते सूर्य से दिल्ली की तरक्की की दुआ मांगी है।”
उन्होंने आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि “आप पार्टी को नकारात्मक बातें फैलाने के बजाय इस ऐतिहासिक प्रयास में सहयोग करना चाहिए। छठी मइया उन्हें सद्बुद्धि दें।”