KNEWS DESK –प्रधानमंत्री Narendra Modi ने शनिवार (21 फरवरी) को उत्तर प्रदेश के Jewar में इंडिया चिप लिमिटेड की आउटसोर्स्ड सेमीकंडक्टर असेंबली एंड टेस्ट (OSAT) यूनिट की आधारशिला रखी। प्रधानमंत्री वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े। यह परियोजना प्रदेश ही नहीं, बल्कि देश के सेमीकंडक्टर मिशन के लिए भी अहम मानी जा रही है।
India Chip Private Limited, HCL Technologies और Foxconn का 60:40 का संयुक्त उद्यम है। करीब 3700 करोड़ रुपये के निवेश से बनने वाली इस यूनिट की प्रति माह 20 हजार वेफर्स प्रोसेसिंग क्षमता होगी। यहां स्मार्टफोन, लैपटॉप, ऑटोमोबाइल सिस्टम और औद्योगिक इलेक्ट्रॉनिक्स के लिए डिस्प्ले ड्राइवर चिप्स का निर्माण किया जाएगा। 2028 तक इसके संचालन में आने की उम्मीद है। इस परियोजना से लगभग 3500 प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होंगे और स्थानीय सप्लाई चेन को भी मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री Yogi Adityanath, केंद्रीय मंत्री Ashwini Vaishnaw, सांसद महेश शर्मा, राज्य मंत्री जितिन प्रसाद और विधायक पंकज सिंह सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। एचसीएल की चेयरपर्सन रोशनी नादर मल्होत्रा और फॉक्सकॉन समूह के चेयरमैन बॉब चेन भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
केंद्रीय मंत्री ने इसे यूपी का पहला सेमीकंडक्टर प्लांट बताते हुए कहा कि आधुनिक अर्थव्यवस्था में चिप की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह परियोजना प्रदेश को निवेश के ड्रीम डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करने की दिशा में बड़ा कदम है और 21वीं सदी की अर्थव्यवस्था में सेमीकंडक्टर निर्णायक भूमिका निभाएंगे।