फरसा वाले बाबा की मौत के बाद सीएम योगी सख्त, दोषियों पर सख्त कार्रवाई के दिए आदेश, एडीजी को मथुरा किया रवाना

डिजिटल डेस्क- मथुरा में गौ रक्षक चंद्रशेखर बाबा उर्फ ‘फरसा वाले बाबा’ की संदिग्ध हालात में हुई मौत के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए। बताया जा रहा है कि शनिवार देर रात ट्रक से कुचलकर उनकी मौत हो गई। घटना के बाद गुस्साए लोगों ने दिल्ली-कोलकाता हाईवे पर जाम लगा दिया और पुलिस पर पथराव भी किया, जिससे कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। मिली जानकारी के अनुसार, रविवार तड़के चंद्रशेखर बाबा अपने दो साथियों के साथ एक संदिग्ध ट्रक का पीछा कर रहे थे। आरोप है कि उस ट्रक में गौवंश भरा हुआ था। गोरक्षकों ने ट्रक को रोकने के लिए ओवरटेक कर बाइक आगे खड़ी कर दी। इसी दौरान ट्रक चालक ने अचानक गति बढ़ा दी और बाबा को कुचलते हुए मौके से फरार हो गया। इस घटना में बाबा की मौके पर ही मौत हो गई।

एडीजी अमिताभ यश से ली विस्तृत जानकारी

घटना की खबर फैलते ही इलाके में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। गुस्साए प्रदर्शनकारियों ने दिल्ली-कोलकाता हाईवे जाम कर दिया, जिससे दोनों ओर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। हालात तब और बिगड़ गए जब भीड़ ने पुलिस पर ही पथराव कर दिया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा और आंसू गैस के गोले भी छोड़े गए। घटना की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तत्काल संज्ञान लिया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए और किसी भी आरोपी को बख्शा न जाए। मुख्यमंत्री ने अमिताभ यश से मामले की विस्तृत जानकारी ली है। रिपोर्ट देने के बाद एडीजी के मथुरा रवाना होने की संभावना जताई जा रही है।

पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने सरकार पर साधा निशाना

इस बीच, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी इस घटना को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है और ऐसी घटनाएं चिंता का विषय हैं। वहीं, पुलिस प्रशासन का कहना है कि अब हालात पूरी तरह नियंत्रण में हैं। शैलेश पांडे ने बताया कि उपद्रव करने वालों को चिन्हित किया जा रहा है और कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया गया है। उन्होंने कहा कि हाईवे से जाम हटवा दिया गया है और स्थिति सामान्य कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *