छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णुदेव साय ने अमित शाह से की मुलाकात, माओवाद, विकास और अमृत रजत महोत्सव पर हुई चर्चा

KNEWS DESK – छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज संसद भवन में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच राज्य के समग्र विकास, माओवादी चुनौतियों से निपटने की रणनीति, और आगामी अमृत रजत महोत्सव 2025 की तैयारियों को लेकर व्यापक चर्चा हुई।

माओवाद पर राज्य की सख्त कार्यवाही

मुख्यमंत्री साय ने गृह मंत्री शाह को अवगत कराया कि छत्तीसगढ़ में माओवादी गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियानों में पिछले डेढ़ वर्षों में बड़ी सफलता मिली है। दिसंबर 2023 से अब तक, 445 माओवादी न्यूट्रलाइज़ किए गए हैं, 1554 माओवादी गिरफ्तार हुए हैं, जबकि 1588 माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया है। साय ने बताया कि ये उपलब्धियां राज्य सरकार की समन्वित विकास और सुरक्षा नीति का परिणाम हैं, जिसका उद्देश्य प्रदेश से माओवादी प्रभाव को पूरी तरह समाप्त करना है।

विकास कार्यों को मिल रही गति

सीएम साय ने यह भी बताया कि माओवाद प्रभावित क्षेत्रों में सड़कों का निर्माण, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार, तथा स्थानीय समुदायों से संवाद जैसे प्रयासों से न केवल माओवादी प्रभाव कम हुआ है, बल्कि जनता का विश्वास प्रशासन में बढ़ा है।

अमृत रजत महोत्सव 2025 की तैयारियों पर चर्चा

बैठक के दौरान छत्तीसगढ़ के गठन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले अमृत रजत महोत्सव 2025 की रूपरेखा पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने बताया कि यह आयोजन राज्य की सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक समरसता, और आर्थिक उपलब्धियों को देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत करने का एक सुनहरा अवसर होगा।

साय ने कहा, “हम चाहते हैं कि अमृत रजत महोत्सव न सिर्फ छत्तीसगढ़वासियों के लिए गर्व का विषय हो, बल्कि यह आयोजन राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर राज्य की पहचान को और मजबूत करे।”

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस अवसर पर बस्तर क्षेत्र के विकास और सुरक्षा में केंद्र सरकार के सहयोग के लिए गृह मंत्री अमित शाह का आभार जताया। उन्होंने आशा व्यक्त की कि केंद्र का सहयोग आगे भी इसी तरह मिलता रहेगा।