छत्तीसगढ़ : भाजपा उम्मीदवारों की सूची पर सीएम भूपेश ने दी प्रतिक्रिया, जानिए क्या कुछ कहा?

KNEWS DESK… भारतीय जनता पार्टी ने आज अप्रत्याशित तौर पर चुनाव से तीन महीने पहले ही 90 में से 21 विधानसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर दिया है। इन नामो में कई नाम काफी चौंकाने वाले थे। वही इस सूची के सामने आने पर प्रदेश के मुखिया भूपेश बघेल की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने मीडिया के सवाल पर कहा कि उन्हें मालूम चला है कि सूची जारी हुई है, लेकिन कुछ खास नहीं है। इसी तरह प्रदेश के खाद्यमंत्री और दिग्गज आदिवासी नेता अमरजीत सिंह भगत ने कहा भाजपा के सभी चेहरे हरने वाले चेहरे है। डॉ रमन सिंह ने फिर चाणक्य चाल चला है। भगत ने पाटन से विजय बघेल को उम्मीदवार बनाये जाने पर कहा यह सांड के सामने बछड़े की लड़ाई है। मुख्यमंत्री भूपेश के सामने विजय बघेल बछड़ा है।

दरअसल आपको बता दें कि भाजपा ने छत्तीसगढ़ के पाटन सीट से जिस नाम का ऐलान किया है वह बेहद दिलचस्प है। दरअसल भाजपा ने यहाँ से अपने मौजूदा दुर्ग सांसद और चुनाव घोषणापत्र समिति के प्रमुख विजय वघेल को प्रत्याशी बनाया है। इस तरह यह तय है कि पाटन में इस बार बघेल वर्सेस बघेल की लड़ाई देखने को मिलेगी। टिकट फाइनल होने के बाद विजय बघेल ने सबसे पहले आईबीसी24 से बात की और राज्य की कांग्रेस सरकार पर जमकर निशाना साधा। विजय बघेल ने साफ किया कि आलाकमान ने मुख्यमंत्री के खिलाफ चुनाव लड़ने का जो मौक़ा उन्हें दिया है उसके लिए वह पार्टी का धन्यवाद करते है। विजय बघेल ने पिछली बार जिस तरह से उन्होंने दुर्ग सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार को पटखनी दी थी वैसे ही पटखनी इस बार भी वह देंगे। उनके लिए सीएम की सीट कोई वीआईपी सीट नहीं है। पार्टी ने उनपर जो भरोसा जताया है उसे वह पूरा करेंगे। जहाँ तक कांग्रेस का सवाल है, जो हाल आज देशभर में कांग्रेस का है, वही हाल इस बार छत्तीसगढ़ में भी होगा। विजय बघेल ने कहा कि राज्य की कांग्रेस सरकार भ्रष्टाचार के आकंठ में डूबी हुई है। अब वह इस कालिख को केमिकल से भी साफ़ करेंगे तो होने वाला नहीं है। भाजपा पूर्ण बहुमत से छत्तीसगढ़ में सरकार बनाएगी और कांग्रेस को सत्ता से बाहर करेगी।

जानकारी के लिए बता दे कि छत्तीसगढ़ भाजपा ने अपने 21 उम्मीदवारों में से पांच सीटों पर महिला नेत्रियों को उम्मीदवार बनाया है। इस तरह यह साफ़ है कि आने वाले चुनाव में भाजपा महिलाओं के बूते अपनी चुनावी वैतरणी पार कराने की कोशिश में हैं। भाजपा ने जिन पांच सीटों पर महिलाओं को उम्मीदवार बनाया है उनमे भटगांव सीट से राजवाड़े, प्रतापपुर से शकुंतला सिंह, सरायपाली से सरला कोसरिया, खल्लारी से अलका चंद्राकर और खुज्जी से गीता घासी साहू को उम्मीदवार बनाया है। छत्तीसगढ़ में 21 नामों के ऐलान के बाद भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष अरुण साव आज शाम को रायपुर लौटेंगे। बताया जा रहा है कि अरुण साव आज शाम को करीब 7.40 बजे स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पहुंचेंगे।

गौरतलब हो कि छत्तीसगढ़ में भाजपा ने टिकट वितरण पर बाजी मार ली है। पार्टी ने आज 90 में से 21 विधानसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया हैं। भाजपा ने अपने घोषणापत्र समिति के संयोजक विजय बघेल को पाटन से उम्मीदवार बनाया है। इस तरह वे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के खिलाफ मैदान में होंगे। इसी तरह कटघोरा के पूर्व विधायक लखनलाल देवांगन को कोरबा से प्रत्याशी बनाया गया है। सबसे दिलचस्प बात यह है की भाजपा ने इस बार साहू समाज पर बड़ा दांव खेला है। भाजपा ने अपने इस पहले लिस्ट में जारी 21 नामों में चार उम्मीदवार साहू समाज के नेताओं को बनाया है। इनमे खरसिया से महेश साहू, अभनपुर से इंद्रकुमार साहू, राजिम से रोहित साहू और खुज्जी से गीता घासी साहू को प्रत्याशी बनाया है।

About Post Author