कनाडाः टम्बलर रिज सेकेंडरी स्कूल में अंधाधुंध फायरिंग, 10 की मौत, 25 घायल, घायलों को किया गया एयरलिफ्ट

डिजिटल डेस्क- कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत के उत्तर-पूर्वी हिस्से में स्थित टम्बलर रिज सेकेंडरी स्कूल में हुई अंधाधुंध फायरिंग की घटना ने पूरे देश को झकझोर दिया है। अधिकारियों के मुताबिक इस हमले में कुल 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 अन्य घायल हो गए हैं। मृतकों में संदिग्ध हमलावर भी शामिल है। घटना के बाद इलाके में ‘एक्टिव शूटर’ अलर्ट जारी किया गया, जिसे शाम 5:46 बजे हटाया गया। रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस (RCMP) ने स्थानीय समयानुसार मंगलवार दोपहर इस घटना की पुष्टि की। पुलिस के अनुसार जब अधिकारी स्कूल परिसर में पहुंचे तो उन्हें छह लोग मृत अवस्था में मिले। बाद में दो अन्य शव दूसरी जगह से बरामद किए गए। एक व्यक्ति की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। इसके अतिरिक्त एक घर के अंदर दो और लाशें मिलीं, जिनके इस घटना से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस ने इन कड़ियों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की है।

संदिग्ध शूटर की हुई पहचान

घटना में गंभीर रूप से घायल दो लोगों को एयरलिफ्ट कर बड़े अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। अन्य 25 घायलों का स्थानीय मेडिकल सेंटर में इलाज चल रहा है और उन्हें खतरे से बाहर बताया गया है। पुलिस ने अभी तक मृतकों और घायलों की पहचान सार्वजनिक नहीं की है। RCMP के स्टाफ सार्जेंट क्रिस क्लार्क ने कैनेडियन प्रेस को बताया कि पीस रीजन में स्थित इस हाई स्कूल में कई लोगों की मौत हुई है। नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट कमांडर सुपरिटेंडेंट केन फ्लॉयड ने कहा कि संदिग्ध शूटर की पहचान कर ली गई है, लेकिन जांच के हित में उसका नाम उजागर नहीं किया जा रहा है। उन्होंने यह भी स्पष्ट नहीं किया कि मृतकों में कितने छात्र और कितने वयस्क शामिल हैं।

कक्षा 7 से 12 तक के सभी छात्र

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृत पाए गए संदिग्ध हमलावर के शरीर पर ऐसे संकेत मिले हैं जिससे अंदेशा है कि उसने खुद को नुकसान पहुंचाया। हालांकि पुलिस ने अभी तक हथियार या हथियारों के प्रकार के बारे में कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है। टम्बलर रिज सेकेंडरी स्कूल में कक्षा 7 से 12 तक के छात्र पढ़ते हैं। घटना के दौरान स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। ग्रेड 9 के एक छात्र ने स्थानीय मीडिया को बताया कि फायरिंग शुरू होते ही उसे और उसके सहपाठियों को कक्षा में अलमारी के पीछे छिपना पड़ा। छात्र ने कहा कि उन्हें समझ नहीं आ रहा था कि बाहर क्या हो रहा है, लेकिन शिक्षकों ने तुरंत बच्चों को सुरक्षित जगह पर छिपने के निर्देश दिए।

पूरे क्षेत्र में इमरजेंसी अलर्ट

घटना के बाद पूरे क्षेत्र में इमरजेंसी अलर्ट जारी किया गया। शुरुआती रिपोर्टों में संदिग्ध हमलावर को भूरे रंग की ड्रेस पहने एक महिला बताया गया था, लेकिन बाद में पुलिस ने इस बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी। जांच एजेंसियां अब इस बात की पड़ताल कर रही हैं कि हमलावर ने अकेले वारदात को अंजाम दिया या इसमें किसी और की संलिप्तता भी थी। इस भीषण गोलीबारी ने एक बार फिर स्कूलों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय प्रशासन ने परिजनों के लिए हेल्पलाइन जारी की है और स्कूल को फिलहाल बंद कर दिया गया है। पुलिस ने कहा है कि जांच जारी है और जैसे-जैसे तथ्यों की पुष्टि होगी, वैसे-वैसे जानकारी साझा की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *