बजट सत्र का आगाज़, राष्ट्रपति मुर्मू ने संसद में विरासत और विकास पर दिया जोर

KNEWS DESK – संसद के बजट सत्र की औपचारिक शुरुआत हो गई है. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दोनों सदनों के संयुक्त सत्र को संबोधित किया. संसद भवन पहुंचने पर राष्ट्रपति को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया. इस मौके पर उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने उनका स्वागत किया.

अपने अभिभाषण में राष्ट्रपति मुर्मू ने देश की सांस्कृतिक विरासत, इतिहास और एकता पर जोर दिया. उन्होंने श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस और बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती का उल्लेख करते हुए उनके योगदान को याद किया. राष्ट्रपति ने कहा कि इन महान व्यक्तित्वों की स्मृति नई पीढ़ी को राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा देती है.

राष्ट्रपति ने सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती से जुड़े आयोजनों को ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को मजबूत करने वाला बताया. साथ ही भारत रत्न भूपेन हजारिका की जयंती के आयोजनों को संगीत और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक बताया.

उन्होंने कहा कि बीता वर्ष भारत की तेज़ प्रगति और समृद्ध विरासत के उत्सव के रूप में यादगार रहा. राष्ट्रपति ने यह भी बताया कि देशभर में ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने का उत्सव मनाया जा रहा है और संसद में इस पर हुई विशेष चर्चा देश की सांस्कृतिक चेतना को और सशक्त करती है.

राष्ट्रपति के अभिभाषण से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी संसद पहुंचे. बजट सत्र के दौरान सरकार की आर्थिक प्राथमिकताएं, नीतिगत दिशा और विकास एजेंडा राष्ट्रपति के भाषण में झलकता नजर आया.

यह बजट सत्र दो चरणों में 2 अप्रैल तक चलेगा, जिसमें कुल 30 बैठकें होंगी. पहला चरण 28 जनवरी से 13 फरवरी तक चलेगा, जबकि दूसरा चरण 9 मार्च से 2 अप्रैल तक आयोजित होगा. वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण 1 फरवरी को वित्त वर्ष 2026-27 का केंद्रीय बजट पेश करेंगी.

सत्र से पहले राजनीतिक हलचल भी तेज रही. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में सर्वदलीय बैठक हुई, जिसमें सत्र के सुचारू संचालन पर चर्चा की गई. वहीं, कांग्रेस ने सोनिया गांधी की अध्यक्षता में संसदीय रणनीति समूह की बैठक कर मनरेगा, विशेष गहन संशोधन (SIR), पर्यावरण, लद्दाख और जम्मू-कश्मीर जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का फैसला लिया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *