डिजिटल डेस्क- महाराष्ट्र के अहिल्यानगर से आज सुबह एक बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आई। नवरात्रि उत्सव के दौरान बनाई गई एक ‘आई लव मोहम्मद’ रंगोली ने इलाके में भारी विवाद और हिंसक प्रदर्शन को जन्म दिया। पुलिस और प्रशासन की जानकारी के अनुसार, यह इस समय का सबसे बड़ा स्थानीय विवाद माना जा रहा है। अहिल्यानगर में कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने एक रंगोली बनाई, जिसे मुस्लिम समुदाय के लोगों ने पैगंबर मोहम्मद का अपमान मानकर गंभीर आपत्ति जताई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने रंगोली बनाने वाले व्यक्ति के खिलाफ FIR दर्ज की और उसे गिरफ्तार कर लिया।
प्रदर्शनकारियों ने की पत्थरबाजी
हालांकि गिरफ्तारी के बावजूद समुदाय के लोग शांत नहीं हुए और तोफखाना पुलिस स्टेशन के कोटला क्षेत्र में प्रदर्शन शुरू कर दिया। आधे घंटे के भीतर प्रदर्शनकारियों ने पत्थरबाजी शुरू कर दी। पुलिस को स्थिति काबू में लाने के लिए हल्का लाठीचार्ज करना पड़ा।
30 को लिया गया हिरासत में
पुलिस ने इस हिंसक प्रदर्शन के सिलसिले में 30 लोगों को हिरासत में लिया। अधिकारियों ने बताया कि भीड़ अब तितर-बितर हो चुकी है और क्षेत्र में फिलहाल शांति कायम है।
मुख्यमंत्री का बयान
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने यवतमाल में इस घटना पर कहा, “हमें देखना होगा कि इसके पीछे कोई साजिश तो नहीं है। हर किसी को अपनी धार्मिक प्रथाओं का पालन करने का अधिकार है, लेकिन लोगों के बीच तनाव फैलाना पूरी तरह से गलत है।” उन्होंने यह भी कहा कि लोकसभा चुनावों के दौरान की तरह कोई ध्रुवीकरण करने की कोशिश तो नहीं कर रहा।