दिल्ली के कई स्कूलों को बम की धमकी, पुलिस और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंच ली तलाशी, नहीं मिली कोई संदिग्ध वस्तु

डिजिटल डेस्क- राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में एक बार फिर स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। ताजा जानकारी के मुताबिक, सुबह 9:13 बजे झंडेवालान स्थित बीडी तमिल एजुकेशन स्कूल को पहला धमकी भरा कॉल किया गया। इसके बाद दिल्ली पुलिस की टीमें तुरंत संबंधित स्कूलों में पहुंच गईं और जांच अभियान शुरू कर दिया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, धमकी की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड को अलर्ट कर दिया गया। एहतियात के तौर पर स्कूल परिसर की गहन तलाशी ली जा रही है। फिलहाल किसी भी संदिग्ध वस्तु के मिलने की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां पूरी सतर्कता बरत रही हैं।

9 फरवरी को भी मिली थी धमकी

गौरतलब है कि चार दिन पहले 9 फरवरी को भी राजधानी के करीब 10 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। उस समय भी सुबह 8:30 बजे से 9:00 बजे के बीच कई स्कूलों को कॉल आए थे। सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस, बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड और दिल्ली फायर सर्विस की टीमें मौके पर पहुंची थीं। बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया गया था, हालांकि जांच में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला था। दिल्ली फायर सर्विस (DFS) के मुताबिक, पिछली घटना में दक्षिण दिल्ली के तीन स्कूल भी धमकी की जद में थे। उस दौरान छात्रों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए स्कूल प्रशासन ने तुरंत एहतियाती कदम उठाए थे।

लोकेशन का पता करने में जुटी

इसी तरह 11 फरवरी को चंडीगढ़ और पंजाब के मोहाली जिले के 10 स्कूलों को भी ईमेल के जरिए बम की धमकी दी गई थी। वहां भी सुरक्षा एजेंसियों ने तत्काल जांच शुरू की और बच्चों को एहतियातन घर भेज दिया गया था। ताजा घटनाक्रम के बाद अभिभावकों और स्कूल प्रशासन में चिंता का माहौल है। पुलिस का कहना है कि कॉल की लोकेशन और स्रोत का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और आधिकारिक जानकारी का इंतजार करने की अपील की है। जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *