BMC चुनाव: दोपहर 1:30 बजे तक 29.96% हुआ मतदान, पोलिंग बूथ्स पर दिखी भीड़

KNEWS DESK – महाराष्ट्र में 29 नगर निगमों के लिए आज सुबह 7:30 बजे से मतदान जारी है, जो शाम 5:30 बजे तक चलेगा। दोपहर 1:30 बजे तक 29.96% मतदान दर्ज किया गया है। इन चुनावों के नतीजे शुक्रवार को घोषित किए जाएंगे। इस बीच मतदान प्रक्रिया को लेकर सियासी बयानबाजी और आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं।

स्याही मिटाने के आरोप, राज ठाकरे का बड़ा दावा

महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) के प्रमुख राज ठाकरे ने आरोप लगाया कि मतदाताओं की उंगलियों पर लगी स्याही को केमिकल के जरिए मिटाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सत्ता में बने रहने के लिए सरकार किसी भी हद तक जा सकती है। इस बयान के बाद चुनावी माहौल और गर्म हो गया।

BMC और चुनाव आयोग का जवाब

स्याही मिटाए जाने के दावों पर BMC ने सफाई देते हुए कहा कि मीडिया में चल रही रिपोर्ट्स तथ्यात्मक रूप से गलत हैं। वहीं, राज्य चुनाव आयोग ने कहा है कि वायरल वीडियो की जांच की जाएगी। आयोग ने स्पष्ट किया कि अगर कोई व्यक्ति स्याही हटाकर दोबारा वोट डालने की कोशिश करता पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पोलिंग बूथ बदलने से वोटर्स परेशान

चुनाव के दौरान कई मतदाताओं को पोलिंग बूथ बदलने की समस्या का सामना करना पड़ा। महाराष्ट्र के मंत्री गणेश नाइक और शिवसेना (UBT) की सांसद प्रियंका चतुर्वेदी का भी पोलिंग बूथ बदला गया, जिससे उन्हें असुविधा हुई। दोनों नेताओं ने मतदाताओं से अपील की कि वोट डालने से पहले अपना पोलिंग बूथ जरूर चेक करें। कुछ इलाकों में EVM खराब होने की शिकायतें भी सामने आई हैं।

वोटिंग शुरू होते ही पोलिंग बूथ्स के बाहर मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उद्धव ठाकरे, राज ठाकरे, RSS प्रमुख मोहन भागवत, सचिन तेंदुलकर समेत कई बॉलीवुड हस्तियों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

सबसे अहम मुकाबला: BMC चुनाव

इन नगर निगम चुनावों में सबसे अहम मुकाबला बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) का माना जा रहा है। यहां 2017 के बाद पहली बार 227 सीटों पर चुनाव हो रहे हैं। बहुमत के लिए 114 सीटों की जरूरत है। बीएमसी की 227 सीटों में से 32 सीटों पर BJP-शिवसेना (शिंदे गुट) और शिवसेना (UBT)-MNS के बीच सीधा मुकाबला है।

BMC में सीटों का बंटवारा

BJP-शिवसेना (शिंदे गुट) गठबंधन:

बीजेपी: 137 सीटें

शिंदे गुट: 90 सीटें

शिवसेना (UBT)-MNS गठबंधन:

UBT: 163 सीटें

MNS: 52 सीटें

कांग्रेस-वंचित बहुजन आघाड़ी (VBA):

कांग्रेस: 143 सीटें

VBA: 46 सीटें

NCP (अजित पवार गुट):

अकेले चुनाव, 94 सीटें