भाजपा विधायक 5 लाख की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, कर्नाटक में लोकायुक्त की अबतक सबसे बड़ी कार्रवाई

डिजिटल डेस्क- कर्नाटक की राजनीति में शनिवार को बड़ा घटनाक्रम सामने आया, जब शिरहट्टी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक चंद्रू लमानी को कर्नाटक लोकायुक्त पुलिस ने कथित रूप से 5 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई एक सुनियोजित ट्रैप ऑपरेशन के तहत की गई, जिसे वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में अंजाम दिया गया। इस मामले में विधायक के दो निजी सहायकों (पर्सनल असिस्टेंट) को भी हिरासत में लिया गया है। लोकायुक्त अधिकारियों के अनुसार, यह मामला गडग जिले में लघु सिंचाई विभाग के एक प्रोजेक्ट से जुड़ा है। इस परियोजना के तहत सड़क के दोनों ओर रिटेनिंग वॉल (सहायक दीवार) का निर्माण किया जाना था। आरोप है कि इस प्रोजेक्ट को मंजूरी दिलाने के एवज में ठेकेदार से भारी रिश्वत की मांग की गई थी।

प्रथम श्रेणी ठेकेदार है शिकायतकर्ता

शिकायतकर्ता गडग जिले के क्लास-1 कॉन्ट्रैक्टर विजय पुजार हैं। उन्होंने लोकायुक्त पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि उनसे इस परियोजना की मंजूरी के लिए कुल 11 लाख रुपये की रिश्वत मांगी गई थी। ठेकेदार ने आरोप लगाया कि रकम दिए बिना फाइल आगे बढ़ाने से मना कर दिया गया था। शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त पुलिस ने पहले आरोपों की प्राथमिक जांच की और शिकायत की पुष्टि होने पर जाल बिछाने का फैसला किया। शनिवार को विशेष योजना के तहत ट्रैप ऑपरेशन चलाया गया। इसी दौरान विधायक को कथित रूप से मांगी गई रिश्वत की रकम में से 5 लाख रुपये लेते हुए पकड़ लिया गया।

हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू

अधिकारियों ने बताया कि पहले विधायक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया और आवश्यक साक्ष्य जुटाने के बाद उन्हें औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया। साथ ही उनके दो पर्सनल असिस्टेंट को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है, क्योंकि जांच एजेंसियों को शक है कि वे भी इस कथित लेन-देन में शामिल हो सकते हैं। इस कार्रवाई के बाद राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। विपक्ष ने इसे भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई बताते हुए सरकार पर निशाना साधा है, जबकि भाजपा की ओर से अभी तक आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, मामले की पूरी जानकारी लेने के बाद ही कोई प्रतिक्रिया दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *