KNEWS DESK- भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार देर रात उत्तर प्रदेश के 14 जिलों में नए जिलाध्यक्षों की घोषणा कर दी। यह सूची प्रदेश संगठन चुनाव अधिकारी और पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय ने जारी की। लंबे समय से लंबित यह घोषणा उस जिला स्तरीय चुनाव प्रक्रिया के बाद की गई है, जिसे पार्टी ने राज्यभर में संचालित किया था।
नए घोषित 14 जिलाध्यक्षों में पांच ऐसे नेता शामिल हैं जिन्हें पार्टी ने एक बार फिर जिम्मेदारी सौंपी है। इन जिलों में उनके कार्यकाल और संगठनात्मक मजबूती को देखते हुए उन्हें दोबारा जिलाध्यक्ष बनाया गया है।
पार्टी ने अलीगढ़ जिला, अलीगढ़ महानगर, फिरोजाबाद जिला, कौशांबी और फिरोजाबाद महानगर में पुराने चेहरों पर भरोसा जताया है।
फतेहपुर जिले में बड़ा बदलाव किया गया है। यहां के जिलाध्यक्ष मुखलाल पाल को पार्टी ने हटा दिया है। उन पर संगठन में पद दिलाने के नाम पर 50 लाख रुपये लेने के गंभीर आरोप लगे थे। पार्टी ने उनके स्थान पर अन्नू श्रीवास्तव को नया जिलाध्यक्ष नियुक्त किया है।
घोषित 14 जिलाध्यक्षों में से सात पिछड़ा वर्ग से, छह सामान्य वर्ग से और एक अनुसूचित जाति समुदाय से हैं। यह चयन पार्टी के सामाजिक समीकरण साधने और संगठन विस्तार के प्रयासों को दर्शाता है।
भाजपा इससे पहले 70 जिलाध्यक्षों के नाम घोषित कर चुकी थी। नए 14 नामों के साथ अब 98 में से 84 जिलों में जिलाध्यक्ष तय हो चुके हैं। वाराणसी सहित शेष 14 जिलों में जिलाध्यक्षों की घोषणा अभी प्रतीक्षित है। पार्टी सूत्रों के अनुसार इन जिलों में भी चर्चा अंतिम चरण में है और जल्द ही सूची जारी हो सकती है।