बिहार: राज्यसभा चुनाव के लिए NDA उम्मीदवारों ने भरा नामांकन, अमित शाह की मौजूदगी में दाखिल हुए पर्चे

knews desk – बिहार में राज्यसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के उम्मीदवारों ने विधानसभा पहुंचकर अपना नामांकन पत्र दाखिल कर दिया है।

एनडीए की ओर से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, नितिन नवीन, रामनाथ ठाकुर, उपेंद्र कुशवाहा और शिवेश कुमार ने राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल किया। इस दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। भाजपा और जदयू के कई वरिष्ठ नेता भी नामांकन प्रक्रिया के दौरान विधानसभा परिसर में उपस्थित थे।

नामांकन से पहले पटना पहुंचने पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का शॉल और पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच कुछ देर तक बातचीत भी हुई।

इसके बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा नेता नितिन नवीन एक साथ बिहार विधानसभा पहुंचे, जहां एनडीए उम्मीदवारों ने अपना नामांकन दाखिल किया। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री ललन सिंह समेत कई वरिष्ठ नेता पहले से ही विधानसभा में मौजूद थे।

नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी नेता विधानसभा से बाहर निकल गए। वहीं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भाजपा विधायकों और वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक करने के लिए स्टेट गेस्ट हाउस पहुंच गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *