डिजिटल डेस्क- बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की हलचल तेज हो गई है। नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही अब सभी राजनीतिक दल मैदान में उतर चुके हैं। राज्य की सत्ता पर कब्जा जमाने के लिए पार्टियां जनता के बीच वादों और नारों के सहारे माहौल बनाने में जुटी हैं। इसी कड़ी में कांग्रेस ने पहले चरण के लिए अपने 40 स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी कर दी है। इन स्टार कैंपेनरों में पार्टी के शीर्ष नेता मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ-साथ कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और कई प्रदेश अध्यक्ष शामिल हैं। ये नेता राज्य के अलग-अलग इलाकों में रोड शो, जनसभाएं और संवाद कार्यक्रम करेंगे।
महिलाओं पर फोकस करेंगी सोनिया और प्रियंका गांधी
सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस इस चुनाव में महिलाओं और युवाओं पर खास फोकस रखेगी। सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा, जो महिलाओं के बीच खास लोकप्रिय हैं, उनके अभियान का केंद्र महिला सशक्तिकरण और सामाजिक न्याय रहेगा। हाल ही में राहुल गांधी की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ में प्रियंका गांधी की भागीदारी ने पार्टी कार्यकर्ताओं में नया जोश भर दिया था।
राज्यों के मुख्यमंत्रियों की एंट्री
कांग्रेस ने अपने मजबूत राज्यों के मुख्यमंत्रियों को भी बिहार की जंग में उतारा है। सूची में सुखविंदर सिंह सुखु, अशोक गहलोत, भूपेश बघेल, दिग्विजय सिंह जैसे बड़े नाम शामिल हैं। इसके अलावा रणदीप सुरजेवाला, सचिन पायलट, अधीर रंजन चौधरी, अलका लंबा, कन्हैया कुमार और इमरान प्रतापगढ़ी जैसे चर्चित चेहरे भी स्टार प्रचारक बनाए गए हैं।
राजनीतिक संतुलन साधने की कोशिश
कांग्रेस ने इस लिस्ट के जरिए जातीय और क्षेत्रीय संतुलन साधने की भी कोशिश की है। बिहार कांग्रेस के मीडिया विभाग के चेयरमैन राजेश राठौड़ के अनुसार, पार्टी का उद्देश्य हर वर्ग तक अपना संदेश पहुंचाना है। लिस्ट में बिहार से जुड़े कई प्रभावशाली चेहरे जैसे तारिक अनवर, शकील अहमद खान, पप्पू यादव और अजय राय को भी शामिल किया गया है।
चुनावी तारीखें तय
बिहार विधानसभा चुनाव दो चरणों में होंगे। पहले चरण का मतदान 6 नवंबर को और दूसरे चरण का 11 नवंबर को होगा, जबकि मतगणना 14 नवंबर को की जाएगी। पहले चरण के लिए नामांकन प्रक्रिया 17 अक्टूबर को खत्म हुई, जबकि दूसरे चरण का नामांकन सोमवार को पूरा हुआ।