KNEWS DESK- बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार, 30 मार्च को बिहार विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। सूत्रों के अनुसार, सुबह लगभग 10.00 बजे उन्होंने अपना इस्तीफा विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह को सौंपा।
नीतीश कुमार 16 मार्च को हुए राज्यसभा चुनाव में विजयी हुए थे। नियमों के तहत, राज्यसभा सदस्य बनने के 14 दिनों के भीतर उन्हें विधानमंडल की सदस्यता से इस्तीफा देना अनिवार्य था। एमएलसी पद से इस्तीफा देने के बाद अब उनके मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने का रास्ता भी साफ हो गया है।
यदि कोई व्यक्ति राज्य विधानसभा या विधान परिषद का सदस्य नहीं होता, तो वह मुख्यमंत्री पद नहीं रख सकता। इस स्थिति में, नीतीश कुमार को भी अपने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देना होगा। हालांकि, उन्होंने हाल ही में अपनी ‘समृद्धि यात्रा’ के पांच चरणों के दौरान राज्यसभा जाने या मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने का कोई संकेत नहीं दिया था। यह यात्रा 26 मार्च को पटना में संपन्न हुई थी, जिसमें उन्होंने 32 जिलों में जनसभाओं को संबोधित किया।
एमएलसी पद से इस्तीफा देने के बाद, नीतीश कुमार अब अपनी राज्यसभा सदस्यता ग्रहण करेंगे। खबरों के अनुसार, वे 30 अप्रैल तक मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे सकते हैं। उनके इस कदम के बाद बिहार की राजनीति में नई हलचल शुरू हो गई है और आगामी दिनों में सीएम पद पर संभावित बदलाव की चर्चा जोरों पर है।
नीतीश कुमार की इस कार्रवाई से साफ है कि वे अब केंद्र सरकार में अपने नए राजनीतिक जिम्मेदारियों की ओर ध्यान केंद्रित करेंगे, और राज्य स्तर पर नए नेतृत्व के लिए रास्ता साफ होगा।