KNEWS DESK- बिहार विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने अपने प्रचार अभियान को और तेज कर दिया है। इसी कड़ी में कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज (गुरुवार) मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गृह जिला नालंदा में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। राहुल गांधी की यह बिहार में तीसरी चुनावी रैली होगी, जिससे महागठबंधन के प्रचार अभियान को नई गति मिलने की उम्मीद है।
कांग्रेस से मिली जानकारी के अनुसार, राहुल गांधी 30 अक्टूबर को नालंदा और बरबीघा में दो अलग-अलग जनसभाओं को संबोधित करेंगे। इन सभाओं में वे महागठबंधन के उम्मीदवारों के पक्ष में वोट मांगेंगे और केंद्र व राज्य सरकार पर निशाना साधेंगे।
इससे पहले बुधवार को राहुल गांधी ने मुजफ्फरपुर और दरभंगा में तेजस्वी यादव और मुकेश सहनी के साथ मिलकर चुनावी सभाओं को संबोधित किया था। इन रैलियों में राहुल गांधी ने बेरोजगारी, महंगाई और किसान मुद्दों को लेकर भाजपा-राजग सरकार पर तीखा प्रहार किया था।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, राहुल गांधी अपनी नालंदा और बरबीघा की सभाओं के बाद दिल्ली लौट जाएंगे, और फिर 2 नवंबर से दोबारा बिहार में प्रचार के लिए लौटेंगे। वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे भी 31 अक्टूबर को अमरपुर में पार्टी प्रत्याशी के समर्थन में जनसभा करेंगे।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि राहुल गांधी की नालंदा रैली राजनीतिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि यह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का गृह क्षेत्र है। ऐसे में कांग्रेस और महागठबंधन की यह रणनीति सत्ता पक्ष को उसके गढ़ में चुनौती देने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।
बिहार में जैसे-जैसे चुनावी तारीखें नजदीक आ रही हैं, सभी प्रमुख दलों के स्टार प्रचारक मैदान में उतर चुके हैं। राहुल गांधी की आज की रैलियों से कांग्रेस और महागठबंधन के कार्यकर्ताओं में नया उत्साह देखने को मिल रहा है।