KNEWS DESK- रक्षाबंधन के पावन अवसर पर उत्तर प्रदेश परिवहन निगम ने महिलाओं को बड़ी राहत दी है। महिलाएं अब एक सहयात्री के साथ शुक्रवार, 9 अगस्त सुबह 6 बजे से लेकर रविवार, 11 अगस्त रात 12 बजे तक निगम की एसी और नॉन-एसी सभी प्रकार की बसों में नि:शुल्क यात्रा कर सकेंगी। यह सुविधा राज्य भर में लागू होगी और इसके सुचारू संचालन के लिए परिवहन निगम ने व्यापक तैयारियां की हैं।
इस अवसर पर परिवहन निगम 986 बसों का संचालन करेगा, जबकि अतिरिक्त जरूरत पड़ने पर उपयोग के लिए 50 बसों को रिजर्व में रखा गया है। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ड्राइवरों और कंडक्टरों की छुट्टियां 12 अगस्त तक रद्द कर दी गई हैं।
परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक आरके त्रिपाठी ने बताया कि सभी प्रमुख बस स्टेशनों पर हेल्प डेस्क बनाए गए हैं, जहां से यात्रियों को मार्गदर्शन मिलेगा। इसके अलावा, एक कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है, जिसका नंबर 8726005808 है। यात्री सुबह 6 बजे से रात 12 बजे तक इस नंबर पर सहायता के लिए कॉल कर सकते हैं।
यात्रियों की सुरक्षा के लिए दो प्रवर्तन वाहन तैनात किए गए हैं। इनमें से एक वाहन अवध बस स्टेशन पर रहेगा, जबकि दूसरा वाहन लखनऊ-रायबरेली और लखनऊ-कानपुर मार्ग पर पेट्रोलिंग करेगा।
सभी बसों की 13 बिंदुओं पर जांच की जा रही है। 200 किमी से अधिक दूरी तय करने वाली बसों की भी विशेष सफाई की व्यवस्था की गई है। क्षेत्रीय प्रबंधक ने सभी कर्मियों को निर्देश दिया है कि ड्राइवर और कंडक्टर वर्दी में रहेंगे, कोई भी नशे की हालत में ड्यूटी नहीं करेगा और यात्रियों से शिष्टाचारपूर्वक व्यवहार किया जाएगा। बुजुर्ग यात्रियों को चढ़ने-उतरने में सहायता की जाएगी।
रक्षाबंधन पर ट्रेनों में जबरदस्त भीड़ है। दिल्ली और मुंबई से आने वाली ट्रेनों में तीन दिन पहले से ही टिकटें उपलब्ध नहीं हैं। लखनऊ से पूर्वांचल और बिहार की ओर जाने वाली ट्रेनों में भी भारी वेटिंग है। ऐसे में अधिकांश यात्रियों को अब बसों से ही उम्मीद है। रेलवे ने भीड़ को देखते हुए सभी प्रमुख स्टेशनों पर सुरक्षा के विशेष निर्देश जारी किए हैं।