डिजिटल डेस्क- समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री आजम खान की सुरक्षा फिर से बहाल कर दी गई है। शनिवार से ही उनके आवास पर सुरक्षा गार्ड और गनर तैनात कर दिए गए हैं। इससे पहले उत्तर प्रदेश सरकार ने अदालत से दोषी करार मिलने के बाद उनकी विधानसभा सदस्यता खत्म होने के बाद उनकी ‘वाई श्रेणी’ सुरक्षा वापस ले ली थी। लखनऊ स्थित सुरक्षा मुख्यालय द्वारा आजम खान को भेजे गए पत्र में कहा गया था कि रामपुर से दस बार विधायक रहे आजम खान को वाई श्रेणी सुरक्षा की कोई आवश्यकता नहीं है। वाई श्रेणी सुरक्षा के तहत उन्हें तीन बंदूकधारी और सुरक्षाकर्मी दिए गए थे, जो चौबीसों घंटे उनके आवास पर तैनात रहते हैं।
रामपुर सीट से 10वीं जीत का है रिकॉर्ड
आज़म खान ने 2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में रामपुर सीट से रिकॉर्ड दसवीं बार जीत हासिल की थी। विधायक बनने के बाद उन्होंने लोकसभा से इस्तीफा दे दिया था। अक्टूबर 2022 में उन्हें भड़काऊ भाषण देने के मामले में तीन साल की जेल की सजा सुनाई गई थी। इसके एक दिन बाद उत्तर प्रदेश विधान सभा सचिवालय ने उन्हें सदन से अयोग्य घोषित कर दिया था।
23 महीने बाद जमानत पर बाहर आये हैं आजम खान
23 महीने की जेल यात्रा के बाद आजम खान अब जमानत पर हैं। उनकी रिहाई के बाद उनके आवास पर मिलने वालों का तांता लगा हुआ है। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव भी उनसे मिलने पहुंचे और उन्होंने भाजपा सरकार पर आजम खान के खिलाफ कार्रवाई करने का आरोप लगाया।