असम: पीएम मोदी ने मोरन में देश की पहली इमरजेंसी लैंडिंग फैसिलिटी का उद्घाटन किया, 5,500 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं की शुरुआत

KNEWS DESK- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार यानी आज असम के एक दिन के दौरे पर मोरन पहुंचे और यहां देश की पहली इमरजेंसी लैंडिंग फैसिलिटी (ELF) का उद्घाटन किया। इसके साथ ही 5,500 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं की शुरुआत भी हुई। पीएम मोदी का चाबुआ हवाई क्षेत्र पर लक्ष्मण प्रसाद आचार्य, मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा और अन्य अधिकारियों ने स्वागत किया।

प्रधानमंत्री मोदी ने भारतीय वायु सेना के Indian Air Force के C-130 विमान में बैठकर डिब्रूगढ़ जिले के मोरन बाईपास पर स्थित ELF का दौरा किया। यह विमान पहली बार हाईवे पर ही लैंड हुआ। इसके साथ ही करीब 40 मिनट तक एयर फोर्स का एयर शो भी पीएम मोदी ने देखा, जिसमें लड़ाकू विमान, परिवहन विमान और हेलीकॉप्टर ने अलग-अलग करतब दिखाए।

कार्यक्रम की शुरुआत चाबुआ एयरफील्ड से हुई, जहां से पीएम मोदी C-130 विमान में बैठकर मोरन पहुंचे। मोरन एयरस्ट्रिप पर NH-127 के 4.4 किलोमीटर लंबे हिस्से पर ELF तैयार की गई है, जो सेना और सिविल विमानों को आपातकालीन लैंडिंग की सुविधा देगी।

कार्यक्रम के दौरान सबसे पहले एक राफेल और एक सुखोई-30 ने एयर स्ट्रिप पर लैंड किया। इसके बाद वायुसेना के डॉर्नियर विमान ने टेकऑफ किया। इसके बाद C-130J विमान ने लैंडिंग की। इसके बाद सुखोई और राफेल विमानों ने क्रमवार टेक-ऑफ और फ्लाई-पास्ट प्रदर्शन किया।

तीन सुखोई लड़ाकू विमान मंच के सामने से फ्लाई-पास्ट करते हुए टच एंड गो ड्रिल पूरी की। इसके बाद तीन राफेल विमानों ने इसी तरह की फार्मेशन ड्रिल का प्रदर्शन किया।

भविष्य में संभावित टू-फ्रंट वार जैसी चुनौतियों को देखते हुए भारतीय वायुसेना अपनी तैयारियों को मजबूत कर रही है। देश के विभिन्न हिस्सों में हाईवे पर इमरजेंसी लैंडिंग फैसिलिटी तैयार की जा रही हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर लड़ाकू और परिवहन विमान वैकल्पिक रनवे का उपयोग कर सकें।

यह परियोजना केंद्र सरकार, सड़क परिवहन मंत्रालय और भारतीय वायुसेना के संयुक्त प्रयास से पूरी की गई है। इस उद्घाटन कार्यक्रम ने न सिर्फ पूर्वोत्तर में रणनीतिक मजबूती का संदेश दिया, बल्कि भारत की तेजी से बढ़ती सैन्य तैयारियों का भी प्रदर्शन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *