असम चुनाव 2026: CM हिमंता बिस्वा सरमा का बड़ा दावा—‘96 से 100 सीटें जीतकर फिर बनाएंगे सरकार’

डिजिटल डेस्क- असम विधानसभा चुनाव 2026 से पहले सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। इसी बीच राज्य के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने बड़ा चुनावी दावा करते हुए कहा है कि भारतीय जनता पार्टी एक बार फिर सत्ता में वापसी करेगी। उन्होंने कहा कि इस बार बीजेपी 96 से 100 सीटें जीतकर प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। सीएम सरमा ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस को इस चुनाव में केवल 15 से 20 सीटों पर ही संतोष करना पड़ेगा, जबकि ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (AIUDF) को महज 5 से 6 सीटें मिलेंगी। उनके इस बयान ने चुनावी माहौल को और गरमा दिया है। असम की 126 विधानसभा सीटों पर 9 अप्रैल 2026 को एक ही चरण में मतदान होना है, जबकि वोटों की गिनती 4 मई को की जाएगी। राज्य में बहुमत का आंकड़ा 64 सीटों का है। ऐसे में बीजेपी का 96-100 सीटों का दावा काफी बड़ा और आत्मविश्वास से भरा माना जा रहा है।

आज ही जारी किया है अपना घोषणा पत्र

बीजेपी ने हाल ही में अपना चुनावी घोषणापत्र यानी ‘संकल्प पत्र’ भी जारी किया है, जिसे केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने पेश किया। इस संकल्प पत्र में 31 बड़े वादे किए गए हैं, जिनमें राज्य की जमीन को अवैध कब्जे से मुक्त कराना, समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करना और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाना प्रमुख हैं। सीएम सरमा ने खास तौर पर समान नागरिक संहिता (UCC) को लेकर बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि अगर बीजेपी दोबारा सत्ता में आती है, तो तीन महीने के भीतर राज्य में UCC लागू कर दिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि अवैध कब्जों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और “बांग्लादेशी घुसपैठियों” द्वारा कब्जाई गई जमीन को वापस लिया जाएगा। घुसपैठ के मुद्दे पर बोलते हुए सरमा ने कहा कि यह एक लंबी लड़ाई है। उन्होंने कहा, “जब तक बांग्लादेश का अस्तित्व है, घुसपैठ की समस्या बनी रहेगी और हमें लगातार इससे लड़ना होगा।” इस बयान से साफ है कि बीजेपी इस चुनाव में घुसपैठ और पहचान के मुद्दे को प्रमुखता से उठाने वाली है।

सभी 126 सीटों पर एक साथ होंगे चुनाव

गौरतलब है कि असम में पिछले 10 वर्षों से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की सरकार है। 2021 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी, असम गण परिषद (AGP) और यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी लिबरल (UPPL) के गठबंधन ने कुल 75 सीटें जीतकर सरकार बनाई थी, जबकि कांग्रेस गठबंधन को 50 सीटों पर जीत मिली थी। इस बार का चुनाव इसलिए भी खास है क्योंकि पहली बार सभी 126 सीटों पर एक ही चरण में मतदान कराया जा रहा है। बीजेपी जहां अपनी सत्ता बरकरार रखने के लिए पूरी ताकत झोंक रही है, वहीं विपक्ष भी उसे कड़ी टक्कर देने की तैयारी में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *